पेट्रोल-डीजल पर 5 रुपये का नया टैक्स, क्या हिमाचल में राहुल गांधी का ‘खटाखट मॉडल’ बन गया ‘खटारा’? बीजेपी ने की यह मांग

Himachal News: हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और डीजल महंगा हो गया है। राज्य की कांग्रेस सरकार ने ईंधन पर पांच रुपये प्रति लीटर का नया उपकर (सेस) लगा दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया है। भाजपा ने सरकार से यह फैसला तुरंत वापस लेने की मांग की है। मुख्य विपक्षी दल ने इसे जनता विरोधी कदम बताया है। भाजपा का आरोप है कि सरकार जनता की जेब से सालाना करीब 1,000 करोड़ रुपये वसूलेगी।

अनाथ और विधवा कल्याण के नाम पर टैक्स

हिमाचल प्रदेश विधानसभा ने सोमवार को वैट संशोधन विधेयक पास किया। इसके तहत पेट्रोल और डीजल पर पांच रुपये का नया ‘अनाथ और विधवा उपकर’ लगाया गया है। सरकार का तर्क है कि इससे अनाथ बच्चों और विधवाओं के कल्याण के लिए पैसा जुटाया जाएगा। भाजपा विधायकों ने इस बिल का कड़ा विरोध किया। वे विरोध जताते हुए सदन से वॉकआउट कर गए। भाजपा का कहना है कि महंगाई से जूझ रही जनता पर यह सीधा प्रहार है।

अनुराग ठाकुर का ‘खटाखट मॉडल’ पर तंज

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के चुनावी वादों की याद दिलाई। ठाकुर ने कहा कि चुनाव से पहले दोनों नेता ‘खटाखट मॉडल’ लेकर आए थे। अब यह मॉडल राज्य की जनता पर भारी पड़ रहा है। उन्होंने इसे ‘खटारा मॉडल’ करार दिया। ठाकुर ने आरोप लगाया कि कम समय में जनता पर कई बार टैक्स बढ़ाया गया है।

आम आदमी की जेब पर तीन बार चोट

हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने कुछ आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार ने डीजल पर वैट लगातार बढ़ाया है। सत्ता में आने के दो महीने के भीतर ही वैट में दो बार बढ़ोतरी हुई। तीन-तीन रुपये करके इसे बढ़ाया गया था। कुल वैट बढ़कर 10.40 रुपये तक पहुंच गया था। अब इसके ऊपर पांच रुपये का अतिरिक्त टैक्स लगा दिया गया है। ठाकुर ने कहा कि यह पहली सरकार है जिसने आम आदमी को तीन बार चोट दी है।

बीजेपी प्रवक्ताओं ने याद दिलाए यूपीए के दिन

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस फैसले से यूपीए सरकार के काले दिनों की याद आ गई है। तब बार-बार तेल के दाम बढ़ते थे और आम आदमी परेशान रहता था। भंडारी ने कहा कि पीएम मोदी ने वैश्विक ऊर्जा संकट के बावजूद देश में दाम स्थिर रखे हैं। वहीं हिमाचल की कांग्रेस सरकार दाम बढ़ा रही है। एक अन्य प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे कांग्रेस का पाखंड बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद टैक्स लगाती है और महंगाई का आरोप केंद्र पर मढ़ती है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories