सावधान! 1 जुलाई से बदल रहे रेलवे के नियम, ट्रेन में बिना टिकट सफर करने पर लगेगा भारी जुर्माना

Indian Railways News: भारतीय रेलवे ने अपने सफर करने के नियमों में बहुत बड़ा बदलाव किया है। ये सभी नए नियम आगामी एक जुलाई से पूरे देश में लागू होने जा रहे हैं। अब अगर कोई भी यात्री ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा गया, तो उसे पहले के मुकाबले दोगुना जुर्माना भरना पड़ेगा।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, ये कड़े बदलाव केंद्र सरकार के जनविश्वास अधिनियम के अंतर्गत किए गए हैं। इसके तहत अब ट्रेन या स्टेशन परिसर में शराब पीकर हंगामा करने वालों को सजा के तौर पर पूरा कोच साफ करना पड़ सकता है। साथ ही अपराध साबित होने पर जेल भी जाना होगा।

बिना टिकट यात्रा पर अब लगेगा इतना जुर्माना

ट्रेन में अभी तक बिना टिकट यात्रा करने पर वास्तविक किराये के साथ 250 रुपये का जुर्माना लिया जाता था। अब इस जुर्माने की राशि को सीधे बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। रेलवे ने करीब 13 साल के एक लंबे अंतराल के बाद इस दंड राशि में इतनी बड़ी बढ़ोतरी की है।

इसके अलावा यदि कोई यात्री किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर बुक किए गए टिकट पर सफर करते हुए पकड़ा जाता है, तो रेलवे उसका टिकट तुरंत जब्त कर लेगा। इसके साथ ही उस यात्री से पूरा रेल किराया और 500 रुपये का भारी जुर्माना भी अलग से वसूला जाएगा।

नियम तोड़ने पर लगेगा सख्त आर्थिक दंड

रेलवे बोर्ड ने नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी सूची तैयार की है। महिलाओं के लिए आरक्षित विशेष कोच में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले पुरुष यात्रियों से अब 2500 रुपये का जुर्माना लिया जाएगा। बिना लाइसेंस फेरी लगाने और भीख मांगने पर 2000 रुपये दंड तय हुआ है।

स्टेशन या ट्रेन के भीतर अनधिकृत रूप से प्रवेश करने पर अब 500 रुपये देने होंगे। वहीं प्रतिबंधित सामान लाने पर 10 हजार रुपये या नुकसान की भरपाई करनी होगी। अगर किसी ने जुर्माना देने से इनकार किया, तो उसका मामला सीधे कोर्ट जाएगा जहां जेल की सजा हो सकती है।

Author: Harikarishan Sharma

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories