DPS में 10वीं के छात्र ने सहपाठी के मुंह पर बरसाए घूंसे, 4 दांत तोड़े, 3 महीने तक नहीं खुलेगा मुंह, पिता बोले- स्कूल प्रबंधन भी है साजिश में शामिल

Agra News: दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) की सिकंदरा शाखा में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 10वीं के एक छात्र ने अपने ही सहपाठी के चेहरे पर बेरहमी से कई घूंसे बरसा दिए, जिससे पीड़ित छात्र के चार दांत टूट गए और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया। पीड़ित के पिता ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

दूसरे नाम से चिढ़ाने पर हुआ विवाद

जयपुर हाउस निवासी यूट्यूबर पियूष मल्होत्रा का 15 वर्षीय बेटा विश्वराज मल्होत्रा डीपीएस सिकंदरा में कक्षा 10वीं सेक्शन बी का छात्र है। शनिवार सुबह करीब सात बजे वह स्कूल पहुंचा। परिसर में ही सेक्शन आई के एक सहपाठी ने उसे दूसरे नाम से पुकारकर चिढ़ाना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हुई और आरोपी छात्र ने गुस्से में आकर विश्वराज पर हमला बोल दिया।

चार दांत टूटे, दो पूरी तरह उखड़े

आरोपी छात्र ने विश्वराज के मुंह पर लगातार कई जोरदार घूंसे बरसाए। इस बेरहम मारपीट में पीड़ित के चार दांत टूट गए, जिनमें से दो दांत पूरी तरह से उखड़ गए। उसका पूरा चेहरा खून से लथपथ हो गया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद हमलावर छात्र स्कूल से भाग खड़ा हुआ। घटनास्थल पर मौजूद अन्य छात्रों में दहशत फैल गई और चीख-पुकार मच गई।

तीन महीने तक नहीं खुलेगा मुंह

गंभीर रूप से घायल विश्वराज को उसके स्वजन ने तुरंत यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उसका आपरेशन किया और बताया कि चोटें इतनी गहरी हैं कि अगले तीन महीने तक उसका मुंह नहीं खुल पाएगा। पिता ने बताया कि उन्हें स्कूल से केवल दांत में मामूली चोट लगने की झूठी सूचना दी गई थी। अस्पताल पहुंचने पर असलियत का पता चला तो वे दंग रह गए।

पिता का आरोप- स्कूल प्रबंधन भी है षड्यंत्र में शामिल

पीड़ित छात्र के पिता पियूष मल्होत्रा ने सिकंदरा थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके बेटे पर जानलेवा हमला किसी लोहे की वस्तु से किया गया और इस साजिश में स्कूल का मालिक, प्रिंसिपल और स्टाफ भी शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने न तो बेटे को प्राथमिक उपचार दिया और न ही उन्हें सही जानकारी दी। आरोपी छात्र को भी जानबूझकर भगाया गया।

दूसरी मंजिल पर हुआ जानलेवा हमला

पियूष मल्होत्रा ने बताया कि स्कूल की दूसरी मंजिल पर उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया गया। गनीमत रही कि इस हमले के दौरान बेटा नीचे नहीं गिरा, वरना जान भी जा सकती थी। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होती है, लेकिन यहां तो स्टाफ ने खुद आरोपी को भागने में मदद की। आरोपी छात्र रोहता का बाग सुरक्षा विहार कॉलोनी का रहने वाला है।

पुलिस जांच में जुटी, स्कूल का अपना बयान

सिकंदरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसीपी हरीपर्वत अमीषा ने कहा कि दो छात्रों के बीच आपसी झगड़ा हुआ था। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, डीपीएस के निदेशक सुनील अग्रवाल का दावा है कि विश्वराज ने पहले दूसरे छात्र को अपशब्द कहे, जिसके बाद विवाद बढ़ा। उन्होंने कहा कि स्टाफ ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिया और पुलिस को पूरा सहयोग किया जा रहा है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories