UP News: चंडीगढ़ में एक बड़े अधिकारी के घर हुई चोरी का हैरान करने वाला पर्दाफाश हुआ है। पंजाब पुलिस ने यूपी में मेरठ के मवाना में दबिश दी है। पुलिस ने एक गेहूं के खेत से लाखों रुपये का चोरी हुआ माल बरामद किया है। जमीन में गड्ढा खोदकर दस लाख के गहने और पांच लाख की नकदी छिपाई गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक और एक युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
चंडीगढ़ का रहने वाला संदीप इस पूरी वारदात का मुख्य मास्टरमाइंड है। उसने कुछ समय पहले मोहाली (एसएएस नगर) इलाके में एक अधिकारी के घर बड़ी सेंधमारी की थी। संदीप ने घर से करीब छह लाख रुपये नकद और दस लाख रुपये के सोने के जेवर पार कर दिए थे। चोरी के बाद वह पुलिस से बचने के लिए सीधा अपनी बुआ अनीता के घर मवाना आ गया था।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद संदीप और उसकी एक महिला साथी को दबोच लिया। सोमवार को पंजाब पुलिस की टीम दोनों आरोपियों को लेकर मवाना के कुड़ी कमालपुर गांव पहुंची। यहां पहुंचने के बाद शातिर आरोपी पुलिस को लगातार चकमा देता रहा। वह चोरी के माल की जगह को लेकर जांच टीम को कई घंटों तक अलग-अलग जगहों पर गुमराह करता रहा।
बुआ ने उगला राज, खेत की खुदाई में निकला खजाना
करीब 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस की टीम आरोपी की बुआ अनीता के घर पहुंची। पुलिस की सख्त पूछताछ के आगे अनीता पूरी तरह से टूट गई। उसने अपना गुनाह कबूल करते हुए चोरी का पूरा सच पुलिस को बता दिया। इसके बाद वह खुद पुलिस टीम को अपने गेहूं के खेत तक लेकर गई जहां माल छिपाया गया था।
पुलिस ने अनीता की निशानदेही पर गेहूं के खेत में गड्ढे की खुदाई शुरू की। जमीन के अंदर से करीब पांच लाख रुपये नकद और लाखों के जेवरात सही-सलामत बरामद हुए। पंजाब पुलिस के एएसआई श्याम सिंह और जसवंत सिंह अपनी टीम के साथ यह रिकवरी करने आए थे। मवाना थाने में कागजी कार्रवाई के बाद पुलिस टीम वापस पंजाब लौट गई।
पुलिस टीम ने बरामद किए गए लाखों के माल को अपने सुरक्षित कब्जे में ले लिया है। मुख्य आरोपी संदीप और उसकी साथी महिला को पुलिस अपने साथ पंजाब ले गई है। पुलिस ने आरोपी की बुआ अनीता से भी थाने में काफी देर तक पूछताछ की थी। हालांकि, लंबी पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने बुआ अनीता को छोड़ दिया है।


