LPG संकट पर बड़ी राहत: होर्मुज से 92,000 टन गैस लेकर दो जहाज लौटे, कमर्शियल सिलेंडर सप्लाई 50% बढ़ी

New Delhi News: पेट्रोलियम मंत्रालय ने एलपीजी की स्थिति को लेकर स्पष्ट किया है कि हालात अब भी चिंताजनक हैं, लेकिन देश में कोई भी पेट्रोल पंप ड्राई नहीं है। उपलब्ध एलपीजी की डिलीवरी सामान्य तरीके से हो रही है। पैनिक बुकिंग में कमी आई है और रोजाना होने वाली बुकिंग की संख्या 88 लाख से घटकर 50 लाख पर आ गई है। सरकार ने कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति 50 प्रतिशत तक बढ़ा दी है, जिससे कैंटीन, ढाबा और रेस्टोरेंट फिर से खुल सकेंगे।

होर्मुज से एलपीजी लेकर दो जहाज लौटे

एलपीजीको लेकर अच्छी खबर यह है कि 92,000 टन एलपीजी से लदे दो भारतीय जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुके हैं। पिछले सप्ताह भी दो जहाज एलपीजी लेकर पहुंचे थे। मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि 14 किलोग्राम के एलपीजी सिलिंडर को 10 किलोग्राम करने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि एलपीजी से जुड़ी किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं दें। लोगों को एलपीजी से पीएनजी पर शिफ्ट होने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

घरेलू उत्पादन बढ़ा, प्रवासी मजदूरों को मिलेंगे छोटे सिलेंडर

घरेलूस्तर पर एलपीजी के उत्पादन में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। जरूरत की 50 से 60 प्रतिशत आपूर्ति अब घरेलू स्तर से हो रही है। प्रवासी श्रमिकों के लिए पांच किलोग्राम के सिलिंडर राज्य सरकार को दिए जा रहे हैं। मार्च के दौरान पीएनजी के साढ़े तीन लाख घरेलू व कमर्शियल कनेक्शन दिए गए हैं। सरकार का फोकस एलपीजी पर निर्भरता कम करने और पीपीएनजी नेटवर्क को मजबूत करने पर है। इससे लंबी अवधि में ऊर्जा सुरक्षा को बल मिलेगा।

कालाबाजारी पर शिकंजा, 550 से अधिक एफआईआर दर्ज

एलपीजीसिलिंडर की सप्लाई में गड़बड़ी करने वाले 234 वितरकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन पर जुर्माने भी लगाए जा रहे हैं। गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए देशभर में 37,000 छापेमारी की गई है। 550 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई है और 150 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि होर्मुज और समुद्र में फंसे देश के 600 नाविक सुरक्षित हैं। उनके खाने-पीने व अन्य सुविधाओं का मंत्रालय लगातार ध्यान रख रहा है। भारतीय पोर्ट पर कार्गो को लेकर कोई जाम नहीं है। पोर्ट पर कंटेनर की उपलब्धता को लेकर भी कोई शिकायत नहीं आ रही है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories