लखनऊ के गोमतीनगर में बड़ा कांड, पूर्व ड्राइवर ने मालिक की पर्सनल फोटो एडिट कर वसूले 25 लाख, अब मांगी एक करोड़ की रंगदारी!

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर से ब्लैकमेलिंग का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कार चालक ने अपने ही मालिक और उनकी पत्नी की निजी तस्वीरें हासिल कर लीं। इसके बाद उन्हें एडिट करके सोशल मीडिया पर वायरल करने की खौफनाक धमकी दी।

आरोपी ड्राइवर ने पीड़ित कारोबारी परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर चेक, नकदी और यूपीआई (UPI) के माध्यम से अब तक करीब 25 लाख रुपये वसूल लिए हैं। नौकरी से निकाले जाने के बाद भी आरोपी की हिम्मत इतनी बढ़ गई कि उसने कारोबारी की पत्नी को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर एक करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांग ली।

अपहरण और हत्या की धमकी देकर हड़पे लाखों रुपये

गोमतीनगर के विपुलखंड-6 में रहने वाले पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जनवरी 2026 में इटौंजा के जमखनवा ग्राम निवासी कीर्तिराज शुक्ला उर्फ अमन शुक्ला को अपने यहां ड्राइवर की नौकरी पर रखा था। आरोप है कि नौकरी के दौरान ही अमन ने चालाकी से कारोबारी और उनकी पत्नी की तस्वीरें अपने मोबाइल में ट्रांसफर कर ली थीं।

इसके बाद आरोपी ने पत्नी की फोटो, वीडियो और ऑडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि अमन ने उन्हें, उनकी पत्नी और छोटे बेटे के अपहरण व हत्या की सीधी धमकी दी थी। इसी डर के कारण कारोबारी ने उसे अलग-अलग किस्तों में 25 लाख रुपये दे दिए।

घर में घुसे क्रेटा सवार बदमाश, पुलिस जांच में जुटी

लगातार मिल रही प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित ने 29 मार्च 2026 को अमन को नौकरी से बर्खास्त कर दिया था। इसके बावजूद उसकी धमकियां बंद नहीं हुईं। बीती 10 जून को आरोपी ने कारोबारी की पत्नी के व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर एक करोड़ रुपये मांगे। डर के मारे जब परिवार ने कोई जवाब नहीं दिया, तो आरोपी ने नया हथकंडा अपनाया।

आरोप है कि 12 जून की शाम को एक संदिग्ध क्रेटा कार (UP 32 RP 3377) से तीन अज्ञात युवक कारोबारी के घर के भीतर घुस आए। उन्होंने पूरे परिवार को जानमाल की गंभीर धमकी दी और वहां से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर गोमतीनगर पुलिस थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

कार नंबर से खुलेगा राज, सर्विलांस एक्टिव

गोमतीनगर पुलिस ने पीड़ित कारोबारी की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी कीर्तिराज शुक्ला उर्फ अमन और कार सवार तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रंगदारी, अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सोसाइटी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।

थाना इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि पीड़ित द्वारा मुहैया कराए गए क्रेटा कार के नंबर को आरटीओ (RTO) दफ्तर भेजा गया है ताकि गाड़ी के असली मालिक का पता लगाया जा सके। पुलिस की सर्विलांस टीम भी आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Author: Ajay Mishra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories