Varanasi News: क्या आपको भी दरवाजा, पानी की टोटी या मोबाइल छूते ही अचानक बिजली का झटका महसूस होता है? कई लोग हाथ-पैर में होने वाली इस झनझनाहट और सुन्नपन को सामान्य समझकर छोड़ देते हैं। बीएचयू अस्पताल के डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यह गंभीर समस्या शरीर में जरूरी विटामिंस की कमी का बड़ा संकेत हो सकती है।
बीएचयू ओपीडी में तेजी से बढ़ रहे हैं मरीज
सर सुंदरलाल अस्पताल (बीएचयू) के न्यूरोलॉजी और मेडिसिन विभाग में आजकल ऐसे मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ये मरीज हाथ-पैर में करंट लगने, नसों में कमजोरी और सुन्नपन की शिकायत कर रहे हैं। जांच में पता चला है कि युवाओं और कामकाजी लोगों में विटामिन बी-12 और विटामिन डी की भारी कमी हो रही है।
अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीजों में केवल बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि छात्र और आईटी प्रोफेशनल्स भी शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, लगातार बढ़ता तनाव, कम नींद, खराब खानपान और घंटों लैपटॉप या मोबाइल पर काम करना नसों को कमजोर कर रहा है। इससे शरीर का पूरा नर्वस सिस्टम प्रभावित हो रहा है।
वर्किंग विमेन और युवा सबसे ज्यादा परेशान
बीएचयू के डॉक्टरों के मुताबिक, इस समस्या का सबसे ज्यादा शिकार 20 से 45 साल की महिलाएं हो रही हैं। घरेलू और दफ्तर के काम के बीच महिलाएं अक्सर अपनी सेहत और खानपान को नजरअंदाज कर देती हैं। नतीजतन, उनके शरीर में आयरन, कैल्शियम और जरूरी पोषक तत्वों की भारी कमी पाई जा रही है।
डॉक्टरों ने दो केस स्टडीज का हवाला दिया है। एक छात्र को मोबाइल पकड़ते ही हाथ सुन्न होने की दिक्कत थी। जांच में उसे विटामिन बी-12 की कमी निकली। वहीं एक दफ्तर कर्मचारी को पैर की उंगलियों में बार-बार झटका लगता था, जिसका कारण शरीर में कैल्शियम और विटामिन डी की भारी कमी थी।
इन मुख्य कारणों से लगता है करंट जैसा झटका
- शरीर में विटामिन बी-12 की कमी होने से नसें तेजी से कमजोर होती हैं।
- विटामिन डी और कैल्शियम घटने से मांसपेशियों और हड्डियों पर बुरा असर पड़ता है।
- घंटों तक बिना ब्रेक लिए कंप्यूटर या मोबाइल चलाना नसों पर दबाव बढ़ाता है।
- अनियमित दिनचर्या, जंक फूड का सेवन और धूप में न निकलना भी मुख्य कारण है।
- डायबिटीज जैसी बीमारियां भी शरीर में झनझनाहट और सुन्नपन की बड़ी वजह बनती हैं।
नसों की कमजोरी दूर करने के असरदार उपाय
- अपनी रोज की डाइट में दूध, दही, पनीर, हरी सब्जियां और फल जरूर शामिल करें।
- स्क्रीन पर लगातार काम करने के बीच में छोटे-छोटे ब्रेक अवश्य लेते रहें।
- नसों में ब्लड सर्कुलेशन ठीक रखने के लिए रोज सुबह हल्की एक्सरसाइज और वॉक करें।
- शरीर को स्वस्थ रखने के लिए कम से कम 7 से 8 घंटे की पर्याप्त नींद लें।
- अगर हाथ-पैर में बार-बार करंट लगे, तो बिना देरी किए तुरंत डॉक्टर से जांच कराएं।
Author: Asha Thakur


