ऑनलाइन डिलीवरी बॉय को पर्सनल नंबर देना लड़कियों को पड़ रहा भारी, व्हाट्सएप लोकेशन शेयर करते ही शुरू हो जाता है खौफनाक खेल

Meerut News: ऑनलाइन शॉपिंग और कैब बुकिंग के इस डिजिटल दौर में लड़कियों की सुरक्षा को लेकर एक नया खतरा पैदा हो गया है। सामान की जल्द डिलीवरी या सही लोकेशन समझाने की मजबूरी में शेयर किया गया मोबाइल नंबर अब युवतियों के लिए बड़ी आफत बन रहा है।

उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में ऐसे कई चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। यहां डिलीवरी बॉय और कैब राइडर्स द्वारा लड़कियों के पर्सनल नंबरों पर देर रात मैसेज भेजने, दोस्ती का दबाव बनाने और पीछा करने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इससे कामकाजी महिलाएं बेहद डरी हुई हैं।

माधवपुरम की रहने वाली बीएससी छात्रा लवी ने घर का पता समझाने के लिए एक डिलीवरी बॉय को अपना पर्सनल नंबर दिया था। सामान मिलने के कुछ दिनों बाद से ही वह युवक रात के समय पर्सनल मैसेज भेजने लगा। परेशान होकर छात्रा ने पूरी बात अपने माता-पिता को बताई।

मोहकमपुर की रहने वाली कविता के साथ भी ऐसी ही घटना घटी। उसने व्हाट्सएप पर डिलीवरी बॉय को अपनी करंट लोकेशन शेयर की थी। इसके ठीक एक हफ्ते बाद डिलीवरी बॉय उसे लगातार “कैसी हो” और “गुड मॉर्निंग” के अवांछित मैसेज भेजने लगा, जिससे उसकी प्राइवेसी खतरे में पड़ गई।

राइड बुकिंग के दौरान भी बढ़ रही असुरक्षा

कैब और बाइक राइडिंग ऐप्स का इस्तेमाल करने वाली युवतियां भी इस गंभीर समस्या से अछूती नहीं हैं। मोदीपुरम की अंबिका श्रीवास्तव के मुताबिक, मेट्रो स्टेशन से लौटते समय बाइक राइडर रास्ते भर उनसे जबरन दोस्ती करने की बात करता रहा और लगातार उनका पर्सनल नंबर मांगता रहा।

अंबिका इतनी ज्यादा डर गई कि उसने डर के मारे ऐप पर शिकायत भी दर्ज नहीं की। राइडर को उसके घर और ऑफिस के समय का पता चल चुका था। इस खौफ के कारण अब उसने अपने पिता के साथ ही दफ्तर आना-जाना शुरू कर दिया है।

इन मुख्य कारणों से गंभीर हुई समस्या

  • ऐप के भीतर इन-बिल्ट लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम का ठीक से काम न करना।
  • सही पता ढूंढने में डिलीवरी पार्टनर्स को होने वाला लगातार कन्फ्यूजन।
  • मजबूरी में लड़कियों द्वारा अपना पर्सनल व्हाट्सएप नंबर साझा करना।
  • कंपनियों के पास डेटा प्राइवेसी और सुरक्षा पर कड़े नियंत्रण की कमी।
  • लड़कियों में लोकलाज या डर के कारण तुरंत पुलिस शिकायत न करना।

लड़कियां इन जरूरी बातों का रखें खास ख्याल

  • किसी भी पार्सल को मंगाते समय हमेशा ऐप के अंदर ही अपनी लोकेशन शेयर करें।
  • किसी भी अनजान डिलीवरी बॉय या राइडर को अपना पर्सनल नंबर देने से बचें।
  • यदि मजबूरी में नंबर देना पड़े, तो काम होने के तुरंत बाद उसे ब्लॉक करें।
  • ऐसी किसी भी आपत्तिजनक हरकत की शिकायत तुरंत संबंधित ऐप और पुलिस से करें।
  • खुद को सुरक्षित रखने के लिए ऐसी स्थिति आते ही तुरंत अपने परिजनों को बताएं।

साइबर एक्सपर्ट्स और पुलिस प्रशासन के मुताबिक, लड़कियों को किसी भी अजनबी से अपना डेटा शेयर करने से बचना चाहिए। छात्रा राधिका और कामकाजी महिला पीयूषी शर्मा ने बताया कि वे अब अनचाहे मैसेजेस से बचने के लिए कॉल पर बात करना और पर्सनल नंबर देना बंद कर चुकी हैं।

Author: Ajay Mishra

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories