Lucknow News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने अयोध्या चढ़ावा मामले में कथित तौर पर खुद को रामशंकर उर्फ टिन्नू यादव से जोड़ने वाले सोशल मीडिया पोस्ट को तुरंत हटाने को कहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस विवादित पोस्ट को तुरंत नहीं हटाया गया तो वे पुलिस में दुबे के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराएंगे।
बीजेपी सांसद के टीपू-टिन्नू वाले पोस्ट पर बढ़ा विवाद
अखिलेश यादव ने कहा कि पुरुषोत्तम प्रभु राम जी की मर्यादा और संसदीय परंपरा का मान रखते हुए हम भाजपा सांसद को 10 मिनट का समय देते हैं। वह इस झूठे ट्वीट-पोस्ट को तुरंत हटा दें। यह चेतावनी उन सबको भी है जिन्होंने यह झूठ फैलाया है।
सपा प्रमुख ने कहा कि वे लोग भी सोशल मीडिया से इसे डिलीट कर सार्वजनिक माफी मांगें या कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। दरअसल भाजपा सांसद दुबे ने ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा कर तंज कसा था कि टिन्नू आखिर टीपू से ही तो बात कर रहा था।
पीडीए समाज को कलंकित करने की बड़ी साजिश
इस पोस्ट में अयोध्या दान गबन के आरोपी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव तथा अखिलेश यादव की एक पुरानी तस्वीर भी साझा की गई थी। यादव ने आरोप लगाया कि पीडीए समाज को कलंकित व अपमानित करने के लिए भाजपाई यह कुत्सित झूठ फैला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चढ़ावा और चंदा चोरों का गिरोह जनाक्रोश के डर से अब षड्यंत्र कर रहा है। अगर इनमें सत्य का साहस है तो अयोध्यावासियों के सामने सरयू का जल हाथ में उठाकर यह बात कहें। पूरा पीडीए समाज एकजुट होकर इस झूठ का मुंहतोड़ जवाब देगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस पूरे मामले पर देश-दुनिया के रामभक्तों, सनातनी समाज, अयोध्या के पूज्य साधु-संतों, माननीय सर्वोच्च न्यायालय और लोकसभा अध्यक्ष से संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सालों-साल कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पर कोई भाजपाई बचाने नहीं आएगा।

