Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी इलाके में एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां नवोदय विद्यालय की तैयारी के लिए कोचिंग जाने वाली कक्षा चार की एक मासूम छात्रा ने स्कूल के प्रिंसिपल पर कपड़ों में हाथ डालकर गंदी हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया है।
दस साल की मासूम बच्ची के इस सनसनीखेज खुलासे के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ पाक्सो और एससी-एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे फौरन गिरफ्तार कर लिया है।
मासूम के इनकार के बाद खुली घिनौने खेल की पोल
मिली जानकारी के अनुसार, पनकी क्षेत्र में रहने वाले एक निजी कर्मचारी की दस वर्षीय बेटी इलाके के ही एक प्री किड्स स्कूल में कोचिंग पढ़ने जाती थी। शनिवार की शाम को छात्रा ने अचानक कोचिंग जाने से पूरी तरह मना कर दिया, जिससे मां को शक हुआ।
जब मां ने सख्ती से पूछताछ की, तो मासूम बच्ची फफक-फफक कर रो पड़ी। उसने बताया कि स्कूल का प्रिंसिपल बृजेश कुमार पाल उसे गलत तरीके से छूता है। आरोपी अपनी कोचिंग में पढ़ने वाली अन्य छोटी बच्चियों के साथ भी इसी तरह की अश्लील हरकतें करता था।
अभिभावकों के विरोध करने पर जातिसूचक गालियां दीं
पीड़िता के पिता ने जब इस बात की जानकारी अन्य बच्चियों के परिजनों को दी, तो उन्होंने भी अपनी बेटियों से पूछताछ की। अन्य छात्राओं ने भी प्रिंसिपल की इस गंदी करतूत की पुष्टि की। इसके बाद आक्रोशित अभिभावक सीधे स्कूल के संचालक से शिकायत करने पहुंचे।
आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी प्रिंसिपल उल्टा भड़क गया। उसने परिजनों को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी और उनके साथ जातिसूचक गाली-गलौज की। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने न्याय के लिए तत्काल पनकी पुलिस स्टेशन में तहरीर दी।
कम उम्र का फायदा उठाकर डराता था आरोपी प्रिंसिपल
पनकी के सहायक पुलिस आयुक्त अमित चौरसिया ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्चियों की नासमझी का फायदा उठाता था और उन्हें किसी से शिकायत करने पर बुरी तरह डराता था।
यही वजह थी कि डर के मारे छात्राएं अपने घरों में कुछ भी नहीं बता पाती थीं। पीड़िता के पिता ने यह भी बताया कि आरोपी किराए के मकान में यह स्कूल चलाता है और पहले भी दो बार पते बदल चुका है। पुलिस अब पुराने ठिकानों पर जाकर भी जांच करेगी।

