Nashik News: महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां नासिक-पेठ मार्ग पर दो ट्रकों और एक मारुति ईको कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा नासिक-पेठ मार्ग पर पेठ-दिंडोरी सीमा के पास सावला घाट पर हुआ। दुर्घटना में दो ट्रक और गुजरात नंबर की एक मारुति ईको कार आपस में टकरा गए। पुलिस ने बताया कि कार सप्तश्रृंगी गढ़ से सिलवासा की ओर जा रही थी।
पीछे से आ रहे ट्रक ने कार को मारी जोरदार टक्कर
यह हादसा शाम करीब साढ़े चार बजे हुआ, जब पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अस्पताल में इलाज के दौरान एक और घायल की मौत हो गई।
हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

