टीजीटी अंग्रेजी परीक्षा विवाद पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में 20 जुलाई को सुनवाई, 29 प्रश्न सिलेबस से बाहर

Prayagraj News: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सहायक अध्यापक टीजीटी अंग्रेजी विषय की परीक्षा में आउट ऑफ सिलेबस और गलत सवालों को लेकर दाखिल याचिका पर सुनवाई के लिए 20 जुलाई की तारीख तय की है। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ नंदन ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के आश्वासन के बाद यह आदेश दिया।

- Advertisement -

गुरुवार को सुनवाई के दौरान आयोग के अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि 37 प्रश्नों में से 29 प्रश्नों को एक्सपर्ट कमेटी ने वास्तव में पाठ्यक्रम से बाहर मान लिया है। आयोग ने भरोसा दिलाया है कि अगले 24 घंटों के भीतर वह इस विस्तृत रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर पेश कर देगा।

विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट पर याची दर्ज कराएंगे आपत्ति

आयोग के अधिवक्ता ने स्पष्ट किया कि याचियों द्वारा जिन अन्य चार सवालों को गलत बताया गया था, उन पर एक्सपर्ट कमेटी ने सहमति नहीं जताई है। दूसरी तरफ, याचियों की ओर से कहा गया कि जैसे ही कमेटी की रिपोर्ट सौंपी जाएगी, वे उस पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराएंगे।

याचियों ने दलील दी कि न्यायालय किसी एक्सपर्ट कमेटी की रिपोर्ट के ऊपर खुद विशेषज्ञ बनकर नहीं बैठ सकता, लेकिन रिकॉर्ड पर कोई गलती साफ दिखाई दे रही हो तो कोर्ट आंखें भी नहीं मूंद सकती। वे उन कानूनी परिस्थितियों को भी पेश करेंगे जिसके तहत कोर्ट हस्तक्षेप कर सकती है।

- Advertisement -

इसी बीच, प्रदेश के 4512 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी), प्रवक्ता (पीजीटी) और संबद्ध प्राइमरी में शिक्षकों के रिक्त पदों की सूचना उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर फिलहाल अपलोड नहीं की जा सकी है।

आपत्ति दूर होने के बाद जारी होगी 20 हजार पदों की सूचना

शिक्षा निदेशालय ने रिक्त पदों की सूचना निदेशक को भेजते हुए अधियाचन अपलोड करने की अनुमति मांगी थी। सूत्रों के अनुसार, निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने कुछ बिन्दुओं पर आपत्ति जताई है। इन आपत्तियों का निवारण होने के बाद ही 20 हजार से अधिक रिक्त पदों की सूचना पोर्टल पर आएगी।

इससे पहले, विभाग की ओर से प्रधानाचार्य के 1475 और प्रधानाध्यापक के 1172 रिक्त पदों की सूचना चयन आयोग के पोर्टल पर भेजी जा चुकी है। वहीं दूसरी ओर, चयन आयोग ने टीजीटी भर्ती के लिए चल रहे अभिलेख सत्यापन में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को राहत दी है।

आयोग के उपसचिव डॉ. संजय सिंह की ओर से जारी सूचना के अनुसार, टीजीटी के विज्ञापित 3539 पदों के सापेक्ष 15 विषयों का अभिलेख सत्यापन नौ जुलाई से चल रहा है। इसमें किसी कारण से शामिल न हो सके अभ्यर्थियों को 17 जुलाई को अंतिम अतिरिक्त अवसर दिया गया है।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles