Uttar Pradesh News: मुजफ्फरनगर जिले के खतौली में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। रसूलपुर कैलोरा गांव में किसान के घर हुई दुस्साहसिक पशु लूट मामले के दूसरे मुख्य आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस टीम ने आरोपी के पास से लूटे गए दो कटड़े भी बरामद किए हैं।
खतौली कोतवाली प्रभारी दिनेश बघेल ने बताया कि गत 12 जून को रसूलपुर कैलोरा के रहने वाले किसान सुखपाल और उनके बेटे उमंग को बंधक बनाया गया था। बदमाशों ने असलहे के बल पर लाखों रुपये की कीमत के दुधारू पशु लूट लिए थे। इस वारदात से ग्रामीणों में भारी आक्रोश था।
मुठभेड़ के दौरान चकमा देकर भागा था आरोपी
इस बड़े लूटकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कई विशेष टीमें गठित की थीं। पुलिस ने शुक्रवार की रात को एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरोह के पहले सदस्य को गिरफ्तार किया था। उस दौरान यह दूसरा शातिर बदमाश पुलिस टीम को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा था।
पुलिस ने शनिवार को सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी करके मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के खिवाई निवासी फैजान पुत्र इश्तियाक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी को उसके गांव खिवाई के पास से ही दबोचा है। पकड़े गए बदमाश के पास से लूट का माल बरामद हुआ है।
लूटकांड में शामिल तीन अन्य आरोपी अब भी फरार
पूछताछ में सामने आया है कि इस सुनियोजित लूटकांड में अभी भी तीन अन्य शातिर अपराधी फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
खतौली पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी फैजान से गहन पूछताछ की है। इसके बाद उसके खिलाफ कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में तेजी से चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
Author: Ajay Mishra

