Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला मंडी जिले से सामने आया है। यहां एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह हादसा मंडी नगर निगम क्षेत्र के नेला वार्ड में मलोरी टनल के पास हुआ। मृतक की पहचान कोटली तहसील के बग्गी तुंगल गांव निवासी आयुष (22) के रूप में हुई है। वह रविवार को अपनी बाइक पर सवार होकर मंडी शहर की ओर जा रहा था।
मंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
मलोरी टनल के समीप पहुंचते ही युवक की बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आयुष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। धमाके की आवाज सुनकर ट्रक चालक तुरंत नीचे उतरा और उसने पुलिस को सूचित किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

