Bihar News: बिहार की राजधानी पटना के चर्चित कदमकुआं थाना क्षेत्र में हुए फायरिंग मामले में आज यानी 20 जून को कोर्ट में बेहद अहम सुनवाई होने जा रही है। चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका और उनकी गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोक को लेकर अदालत आज अपना बड़ा फैसला सुनाएगी।
अदालत में आज पेश होगी अपडेटेड केस डायरी
न्यायालय के पिछले निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस आज शनिवार को अदालत के समक्ष अपडेटेड केस डायरी और आरोपियों का पूरा आपराधिक इतिहास पेश करेगी। पुलिस डायरी में दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, बीती 2 जून की रात करीब 10:10 बजे पहले मारपीट हुई थी, जिसके ठीक 20 मिनट बाद गार्ड्स ने फायरिंग की थी।
आत्मरक्षा नहीं, दहशत फैलाने के लिए हुई गोलीबारी
जांच कर रही पुलिस टीम का कोर्ट में साफ दावा है कि यह हवाई फायरिंग किसी भी तरह से आत्मरक्षा में नहीं की गई थी। इसके विपरीत, इलाके में पूरी तरह से दहशत फैलाने के इरादे से गोलियां चलाई गई थीं। अदालत आज खान सर की गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोक को आगे बढ़ाने या इसे खारिज करने पर फैसला लेगी।
इसके साथ ही, खान सर के दो निजी सुरक्षा गार्डों, प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह की नियमित जमानत याचिका पर भी आज ही सुनवाई होनी है। कानूनी नजरिए से आज 20 जून की तारीख इस पूरे मामले में बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि आज ही खान सर की गिरफ्तारी पर लगी कानूनी रोक की मियाद खत्म हो रही है।
सीसीटीवी फुटेज से खुली थी फायरिंग की पोल
इस पूरे मामले की शुरुआत में फैजल खान उर्फ खान सर की तरफ से बॉडीगार्ड्स द्वारा गोलियां चलाए जाने की बात को पूरी तरह से छुपाया गया था। यहां तक कि उनके मैनेजर द्वारा दर्ज कराई गई शुरुआती प्राथमिकी में भी इस गंभीर गोलीबारी की घटना का दूर-दूर तक कोई जिक्र नहीं किया गया था।
हालांकि, जब पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, तो पूरी सच्चाई सबके सामने आ गई। वीडियो में दोनों बॉडीगार्ड्स प्रदीप और तालेबर सिंह साफ तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए दिखाई दिए थे। इसके बाद ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई थीं।
Author: Amit Yadav

