Hisar News: हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अब अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने राज्य के विभिन्न हाईवे पर टोल टैक्स की दरों में 5 रुपये से लेकर 35 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है।
हिसार और इसके आस-पास के जिलों में आने वाले छह टोल प्लाजा पर नई दरें 15 जुलाई से प्रभावी हो चुकी हैं। इसके अलावा, कुरुक्षेत्र के पास नेशनल हाईवे-152 पर स्थित थाना टोल प्लाजा पर 14 जुलाई से ही संशोधित टोल दरें पूरी तरह से लागू कर दी गई हैं।
पानीपत से दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे-44, रोहतक-जींद हाईवे और हरिद्वार हाईवे पर पड़ने वाले तीन मुख्य टोल प्लाजा पर नई दरें वीरवार सुबह आठ बजे से लागू हो रही हैं। इसके साथ ही, रोहतक-बावल मार्ग पर स्थित गंगायचा जाट टोल प्लाजा पर भी 16 जुलाई से नए रेट लागू होंगे।
महंगाई के आंकड़ों के आधार पर बदलाव
एनएचएआई ने यह फैसला जून महीने में सामने आए महंगाई के आंकड़ों के आधार पर लिया है। हर साल की तरह इस बार भी टोल की दरों में यह संशोधन किया गया है। मई में खुदरा महंगाई दर 3.93 फीसदी थी, जो जून में बढ़कर 4.38 फीसदी तक पहुंच गई है।
इस बढ़ी हुई महंगाई दर के कारण ही टोल टैक्स बढ़ाना पड़ा है। इससे पहले एनएचएआई ने इसी साल एक अप्रैल 2026 को भी टोल की दरों में 5 से 25 रुपये तक का इजाफा किया था। इस नए बदलाव से रोज सफर करने वाले यात्रियों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।
भारी वाहनों पर दिखेगा सबसे ज्यादा असर
अथॉरिटी के नियमों के मुताबिक, अधिकांश टोल प्लाजा पर कार और हल्के वाहनों के लिए टोल दरों में 5 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। कुछ स्थानों पर हल्के वाहनों के रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, भारी वाहनों की कुछ श्रेणियों में यह टैक्स 30 से 35 रुपये तक बढ़ गया है।
एनएचएआई के चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय से जारी पत्र के मुताबिक, टोल प्लाजा के लिए महंगाई दर की गणना का आधार वर्ष बदल दिया गया है। अब वर्ष 2004-05 के स्थान पर वर्ष 2011-12 को आधार मानकर इन नई टोल दरों को लागू करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है।

