Karnal News: विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई हुई है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने और प्रशासनिक अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाकर सुसाइड नोट लिखने वाले सरकारी शिक्षक प्रदीप शर्मा को जिला उपायुक्त ने तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रदीप शर्मा गांव कोहंड के राजकीय विद्यालय में शिक्षक पद पर कार्यरत हैं। आगामी 3 जुलाई को उनकी ड्यूटी एस.आई.आर. अभियान में लगाई गई थी। इस विशेष ड्यूटी के दौरान उनके काम में लगातार कोताही और लापरवाही की शिकायतें सामने आ रही थीं।
व्हाट्सएप ग्रुप में सुसाइड नोट पोस्ट कर हुए लापता
इसी बीच शिक्षक प्रदीप ने एक व्हाट्सएप ग्रुप में सुसाइड नोट पोस्ट कर दिया। इस नोट में उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात सुपरवाइजर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने लिखा कि अधिकारी उन पर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
यह सुसाइड नोट पोस्ट करने के बाद शिक्षक अचानक लापता हो गए। इस घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, उसी दिन देर शाम शिक्षक के परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने बताया कि प्रदीप करनाल स्थित कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सामने पैदल घूमते हुए मिल गए हैं।

