Jhajjar News: दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर आसौदा फ्लाईओवर के पास मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ट्रेन की चपेट में आने से दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
दोस्त से मिलने आया था युवक, टहलते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान आसौदा निवासी 39 वर्षीय सुनील कुमार और सोनीपत के गांव रोहणा निवासी 29 वर्षीय विकास के रूप में हुई है। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि विकास मंगलवार को अपने दोस्त सुनील से मिलने के लिए उसके गांव आसौदा आया था।
शाम के समय दोनों दोस्त आपस में बातचीत करते हुए टहलने के लिए बाहर निकले थे। घूमते हुए वे आसौदा फ्लाईओवर के पास दिल्ली-रोहतक रेलवे ट्रैक के बेहद नजदीक पहुंच गए। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में दोनों दोस्त आ गए और हादसा हो गया।
नागरिक अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम, जांच में जुटी जीआरपी
ट्रेन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जीआरपी थाना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। बुधवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस ने इस दुखद हादसे के संबंध में मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के असली कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा है।

