Kaithal News: हरियाणा के कैथल जिले के मंडवाल गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पुलिस को नशीले पदार्थ की सूचना देने के शक में एक पड़ोसी ने पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस पथराव में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
पुलिस को सूचना देने के शक में घर में घुसकर किया पथराव
पीड़ित परिवार के सदस्य शमशेर ने बताया कि वह पेशे से ट्रक चालक है। उसका पड़ोसी संदीप दो दिन पहले उनके घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगा था। आरोपी ने शक जताया था कि शमशेर ने उसकी गाड़ियों में नशीला पदार्थ होने की गुप्त सूचना पुलिस को दी है।
इस विवाद को लेकर पहले गांव में पंचायत भी हुई थी, जहां मामले को सुलझा लिया गया था। लेकिन उसी रात आरोपी संदीप अपने अन्य साथियों के साथ छत के रास्ते शमशेर के घर में जबरन घुस गया। इसके बाद आरोपियों ने परिवार के सदस्यों पर ईंट-पत्थरों से हमला करना शुरू कर दिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने दर्ज किया मामला
हमले के दौरान आरोपी संदीप ने शमशेर की बुजुर्ग मां निर्मल कौर पर ईंट फेंकी, जो सीधे उनकी छाती पर जा लगी। इससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। इसके बाद आरोपियों ने शमशेर की पत्नी और घर के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया।
वारदात के बाद परिजन घायल बुजुर्ग महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए कैथल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।

