Chandigarh News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के हरियाणा दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार सुबह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश भर में होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को दिए खास निर्देश
इस वर्चुअल बैठक में प्रदेश के सभी मंत्री, भाजपा विधायक, जिला प्रभारी और कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने हर जिले में होने वाले आयोजनों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित और भव्य होने चाहिए, ताकि यह दिन प्रदेश के विकास के इतिहास में दर्ज हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही वह प्रदेश को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे, जिससे राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी।
जनता तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्रों के कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की, ताकि सरकार की इन बड़ी विकास योजनाओं का संदेश राज्य के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू होने वाले प्रोजेक्ट्स के फायदों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों को जनसंपर्क बढ़ाने के लिए कहा गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों से बेहतर तालमेल के साथ काम करने और इस ऐतिहासिक अवसर को सफल बनाने का आह्वान किया।

