Durban News: दक्षिण अफ्रीका के डरबन में स्थित चैट्सवर्थ स्टेडियम में एक नया इतिहास रचा गया है। यहां चिन्मय मिशन के 75वें अमृत महोत्सव के तहत “मैन टू हनुमान” कार्यक्रम हुआ। इस धार्मिक आयोजन में 17,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने एक साथ मिलकर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया।
स्वामी अभेदानंद सरस्वती के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का 27 बार सामूहिक पाठ किया। इससे कुल 4 लाख से अधिक पाठ पूरे हुए। भारत के बाहर इसे सनातन परंपरा के सबसे बड़े सार्वजनिक आध्यात्मिक आयोजनों में से एक माना जा रहा है। पूरा स्टेडियम भक्ति के माहौल में डूबा रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भेजा विशेष शुभकामना संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम के लिए अपना विशेष संदेश भेजा। उन्होंने चिन्मय मिशन की 75 वर्षों की आध्यात्मिक सेवा की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय प्रवासियों ने दक्षिण अफ्रीका के विकास में अहम योगदान दिया है। वे दोनों देशों के बीच एक मजबूत सेतु का काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम में पद्मश्री भजन सम्राट अनूप जलोटा और गायिका अनुजा सहाय ने भजनों से समां बांध दिया। अनूप जलोटा ने कहा कि साल 2026 में स्वामी अभेदानंद दक्षिण अफ्रीका में अपनी सेवा के 20 वर्ष पूरे करेंगे। स्वामी अभेदानंद ने श्रद्धालुओं से अपनी आध्यात्मिक पहचान पर गर्व करने का आह्वान किया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई विशेष व्यवस्थाएं
आयोजन में दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं को लाने के लिए 80 से अधिक बसों की व्यवस्था की गई। करीब 200 स्वयंसेवकों ने पूरी व्यवस्था को संभाला। कार्यक्रम में 20,000 से अधिक महाप्रसाद के पैकेट बांटे गए। सभी आगंतुकों को धार्मिक साहित्य और स्मृति सामग्री की स्वागत किट दी गई।
इस बड़े आयोजन में क्वाज़ुलु-नताल के प्रीमियर थामी न्तुली भी शामिल हुए। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में भारतीय समुदाय के सांस्कृतिक योगदान को महत्वपूर्ण बताया। चिन्मय मिशन के अनुसार, यह ऐतिहासिक अवसर वैश्विक स्तर पर भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक एकता का बड़ा संदेश देने में सफल रहा।

