New Delhi News: देश में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में चल रहे आंदोलन को अब जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) का भी समर्थन मिल गया है। जेजेपी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला 17 जुलाई को सुबह 11 बजे दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को अपना समर्थन देंगे।
युवाओं के भविष्य और शिक्षा सुरक्षा की लड़ाई
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि देश में परीक्षाओं के लगातार लीक होने से युवा पीढ़ी अपने भविष्य को लेकर बेहद चिंतित है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के हक की रक्षा के लिए सोनम वांगचुक लगातार भूख हड़ताल पर बैठे हैं। ऐसे में युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए इस आंदोलन को समर्थन देना जरूरी है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान शासन में पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आज हम सबकी यह नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि शिक्षा और पारदर्शी परीक्षाओं के लिए संघर्ष कर रहे सोनम वांगचुक का साथ दें, ताकि इस व्यवस्था के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ी जा सके।
सोनम वांगचुक के क्रांतिकारी विचारों की सराहना की
सोनम वांगचुक के जज्बे की प्रशंसा करते हुए दिग्विजय ने कहा कि वे क्रांतिकारी विचारों वाले व्यक्ति हैं जो पीछे हटने वालों में से नहीं हैं। पूरे देश को गर्व है कि वे देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर इतने चिंतित हैं। जेजेपी युवा इकाई पूरी मजबूती के साथ इस मांग में उनके साथ खड़ी है।

