Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की उपायुक्त (डीसी) गन्धर्वा राठौड़ ने मंगलवार को ग्राम पंचायत बारीं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत क्षेत्र में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों और प्राकृतिक जल स्रोतों के सफाई अभियान का भी बारीकी से जायजा लिया।
पुराने कुएं की सफाई व्यवस्था का डीसी ने किया निरीक्षण
अपने औचक दौरे के दौरान उपायुक्त ने प्राकृतिक जल स्रोतों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने बारी गांव में स्थित एक पुराने कुएं की सफाई व्यवस्था की जांच की। इसके साथ ही डीसी ने स्थानीय ग्रामीणों को अपने जल स्रोतों को पूरी तरह स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित भी किया।
नशे के खिलाफ मुहिम में महिलाओं से मांगा सहयोग
निरीक्षण के समय डीसी गन्धर्वा राठौड़ ने चाहड़ महिला मंडल की सदस्यों से सीधा संवाद किया। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम की जानकारी दी। डीसी ने महिलाओं से अपील की कि वे इस सामाजिक बुराई को खत्म करने में प्रशासन का सहयोग करें।
पंचायत प्रतिनिधियों ने विकास कार्यों की प्रगति से करवाया अवगत
डीसी ने बारी महिला मंडल की सदस्यों से भी मुलाकात की और विकास में उनकी भागीदारी पर चर्चा की। इस औचक निरीक्षण के दौरान टौणीदेवी की खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) वैशाली शर्मा उपस्थित रहीं। पंचायत प्रधान राजीव चौहान और अन्य जनप्रतिनिधियों ने डीसी को विकास कार्यों की प्रगति बताई।

