इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने जारी किया नया एकेडमिक कैलेंडर, जानें यूजी और पीजी सेमेस्टर परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल

Prayagraj News: इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपना नया एकेडमिक कैलेंडर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। इस नए शेड्यूल में यूजी, पीजी, प्रोफेशनल और एनईपी आधारित पाठ्यक्रमों की कक्षाओं की तारीखें घोषित की गई हैं। इसके साथ ही सेमेस्टर परीक्षाओं, वार्षिक परीक्षाओं और विंटर-समर वेकेशन के पूरे कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई है।

- Advertisement -

नए एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार, विश्वविद्यालय में नए सत्र की नियमित कक्षाएं जुलाई 2026 से शुरू होने जा रही हैं। यूजी और पीजी के दूसरे, तीसरे, चौथे, आठवें और नौवें सेमेस्टर की कक्षाएं 13 जुलाई से शुरू होंगी। इसके अलावा पीजी प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं 24 जुलाई और यूजी प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं 14 अगस्त 2026 से शुरू होंगी।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय विषम सेमेस्टर परीक्षाओं की महत्वपूर्ण तारीखें

विश्वविद्यालय प्रशासन विषम सेमेस्टर की थ्योरी परीक्षाएं 25 नवंबर से 20 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित करेगा। कानून संकाय को छोड़कर सभी यूजी पाठ्यक्रमों के प्रैक्टिकल और वाइवा 25 नवंबर से 18 दिसंबर तक चलेंगे। वहीं सभी पीजी विषयों के विषम सेमेस्टर के प्रैक्टिकल और वाइवा परीक्षा का आयोजन 30 नवंबर से 8 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।

पीजी और यूजी कानून संकाय की एंड सेमेस्टर थ्योरी परीक्षाएं 4 दिसंबर से 24 दिसंबर के बीच होंगी। विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के बाद सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करना होगा। इसके बाद छात्रों के लिए 25 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक शीतकालीन अवकाश यानी विंटर वेकेशन रहेगा।

- Advertisement -

सम सेमेस्टर और वार्षिक परीक्षाओं का पूरा कार्यक्रम

विंटर वेकेशन के बाद सभी यूजी और पीजी सम सेमेस्टर की कक्षाएं 18 जनवरी 2027 से शुरू हो जाएंगी। यूजी दूसरे और चौथे सेमेस्टर की थ्योरी परीक्षाएं 22 अप्रैल से 5 मई 2027 तक चलेंगी। इसके साथ ही अन्य सभी पीजी और यूजी प्रोफेशनल कोर्सेज की सम सेमेस्टर थ्योरी परीक्षाएं 3 मई से 19 मई 2027 तक आयोजित की जाएंगी।

वार्षिक पाठ्यक्रम प्रणाली के तहत यूजी तीसरे और चौथे वर्ष की कक्षाएं 13 जुलाई 2026 से प्रारंभ होंगी। इनकी प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 मार्च 2027 से और मुख्य थ्योरी परीक्षाएं 1 अप्रैल 2027 से आयोजित होंगी। इन कॉपियों का मूल्यांकन 31 मई तक पूरा होगा, जिसके बाद 1 जून 2027 से ग्रीष्मकालीन अवकाश यानी समर वेकेशन शुरू हो जाएगा।

आंतरिक मूल्यांकन और छात्रों के लिए जरूरी निर्देश

विश्वविद्यालय के नए नियमों के अनुसार यूजी और पीजी कोर्सेज में सतत आंतरिक मूल्यांकन यानी सीआईए कुल अंकों का 30 प्रतिशत होगा। बाकी 70 प्रतिशत अंक एंड सेमेस्टर परीक्षा के आधार पर तय किए जाएंगे। विषम सेमेस्टर के आंतरिक मूल्यांकन का कार्य 10 दिसंबर 2026 तक और सम सेमेस्टर का कार्य 30 अप्रैल 2027 तक पूरा करना अनिवार्य है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त निर्देश दिया है कि परीक्षाओं के दौरान कोई भी अतिरिक्त कक्षा या अन्य एकेडमिक गतिविधि आयोजित नहीं की जाएगी। सभी विभागों को समय पर आंतरिक मूल्यांकन के अंक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर शनिवार को भी विशेष कक्षाएं आयोजित की जा सकती हैं।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles