प्रेमी की बेरुखी से नाराज महिला टावर पर चढ़ी, दो घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा; इलाके में मची खलबली

Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में प्यार और धोखे का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। मंगलवार दोपहर कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहित महिला अपने प्रेमी से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले इस हंगामे के कारण मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला की शादी चार साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। मायके में रहने के दौरान उसके पड़ोस के एक युवक से संबंध हो गए, जो खुद चार बच्चों का पिता है। दोनों के बीच पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था। महिला ने पहले भी युवक पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था, जो अभी न्यायालय में विचाराधीन है।

समझौते का दबाव बना कारण

महिला का आरोप है कि प्रेमी ने दो दिन पहले ही उस पर मुकदमे में समझौते के लिए दबाव बनाया था। इसके बाद उसने महिला से बात करना पूरी तरह बंद कर दिया। इसी से आहत होकर महिला टावर पर चढ़ गई और प्रेमी को मौके पर बुलाने की जिद करने लगी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझा-बुझाकर नीचे उतार लिया।

थाना प्रभारी उमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि महिला और युवक दोनों को चौक कोतवाली पुलिस की सुपुर्दगी में भेज दिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि दोनों पक्ष पहले से ही कानूनी पचड़ों में फंसे हुए हैं।

टावर पर चढ़ने का बढ़ता ट्रेंड

यह कोई पहली बार नहीं है जब शहर में टावर पर चढ़कर हंगामा करने का मामला सामने आया है। इसी मोबाइल टावर पर महज तीन दिन पहले यानी 17 मई को सुंदरम नाम के एक युवक ने प्रेमिका को बुलाने के लिए बवाल काटा था, जिसे बाद में जेल भेज दिया गया। टावर पर चढ़ने की ऐसी घटनाएं प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन रही हैं।

इससे पहले 9 मई को सेहरामऊ दक्षिणी निवासी एक युवक दुष्कर्म के आरोप के चलते टावर पर चढ़ गया था। वहीं, करीब 15 दिन पहले खुदागंज में भी एक व्यक्ति अपनी पत्नी से बात न होने पर टावर पर चढ़ गया था। आए दिन सामने आ रहे ऐसे मामले गंभीर चिंता का विषय हैं और प्रशासन इसे रोकने के लिए कड़े कदम उठाने पर विचार कर रहा है।

Author: Ajay Mishra

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories