ऊना में नशा नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा, करोड़ों के लेनदेन के सुराग के बाद पुलिस ने दबोचा कथित किंगपिन

Una News: ऊना जिले के बंगाणा क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में कथित मुख्य सरगना दिनेश कुमार उर्फ विक्की खुल्लर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

डीएसपी अजय ठाकुर के अनुसार, कुछ समय पहले बंगाणा पुलिस ने धुंदला क्षेत्र में एक घर पर छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अफीम, चरस, शराब की कई बोतलें, लाखों रुपये की नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद की थी। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।

बैंक खातों की जांच में मिले अहम सुराग

मामले की जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कई महत्वपूर्ण बैंक ट्रांजैक्शन की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि दिनेश कुमार उर्फ विक्की खुल्लर कथित तौर पर नशे के कारोबार से जुड़े पैसों के लेनदेन में शामिल था। पुलिस को खातों में बड़ी रकम के आदान-प्रदान के संकेत भी मिले हैं।

इन्हीं तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया। अधिकारियों का मानना है कि आरोपी की भूमिका केवल लेनदेन तक सीमित नहीं हो सकती। पूछताछ के दौरान पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

बरामदगी ने बढ़ाई जांच की दिशा

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पहले की छापेमारी में 48.52 ग्राम अफीम, 17.78 ग्राम चरस, विभिन्न ब्रांड की शराब की 23 बोतलें, 4 लाख 69 हजार 120 रुपये नकद और अमेरिका की मुद्रा के दो नोट बरामद हुए थे। इस बरामदगी के बाद जांच एजेंसियों ने आर्थिक गतिविधियों की भी पड़ताल शुरू की।

थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है। बैंक खातों, संपर्कों और वित्तीय लेनदेन की पूरी श्रृंखला खंगाली जा रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और नेटवर्क कितना बड़ा है।

पुलिस रडार पर कई अन्य संदिग्ध चेहरे

पुलिस का दावा है कि आरोपी इस पूरे नेटवर्क का प्रमुख कड़ी माना जा रहा है। जांच टीम अब उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और संदिग्ध लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में कुछ अन्य कथित सरगना भी रडार पर हैं और जल्द नई कार्रवाई संभव है।

रोहित चौधरी ने बताया कि जिला पुलिस पिछले कई महीनों से नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत कई मामलों का खुलासा हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि विक्की खुल्लर का नाम पहले भी नशा संबंधी मामलों में सामने आ चुका है और वह पूर्व में जेल जा चुका है।

Author: Sunita Gupta

Hot this week

Related Articles

Popular Categories