Himachal News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली उपनगर में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के बाद भारी तनाव पैदा हो गया है। पुलिस ने मामले में कानून हाथ में लेने और दर्जी तथा उसके साथी से सरेआम मारपीट करने के आरोप में हिंदू संघर्ष समिति की दो महिलाओं सहित चार लोगों को गिरफ्तार व हिरासत में लिया है। इसके विरोध में हिंदू संगठनों ने संजौली थाने के बाहर चक्का जाम कर दिया है।
संजौली बाजार में सरेआम मारपीट और उग्र भीड़ का जुलूस
शनिवार को संजौली में दर्जी की दुकान चलाने वाले पीड़ित ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। जब वह और उसका सहकर्मी दुकान में मौजूद थे, तब कुछ लोग एक युवती को लेकर वहां पहुंचे और उनसे पहचान से जुड़े सवाल करने लगे। युवती द्वारा दोनों को पहचानने से इंकार करने के बावजूद उग्र भीड़ ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उन्हें घसीटते हुए सड़क पर लाया गया और नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला गया।
न्यायालय ने आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
इस हिंसा के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को ही मुख्य आरोपी मदन ठाकुर निवासी देवघोडी और विजय शर्मा निवासी संजौली को गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को दोनों को स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने रविवार को कल्पना शर्मा और नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का मामला उजागर करने वाली श्वेता चौहान को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर कर रही अन्य उपद्रवियों की जांच
सिटी एएसपी मेहर पंवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवती की शिकायत पर मुख्य आरोपी को पहले ही पुलिस हिरासत में लिया जा चुका है। पीड़िता के बयान में जिन लोगों के साथ मारपीट हुई, उनका कोई नाम शामिल नहीं था। इसके बावजूद पुलिस मामले में उनकी भूमिका की बारीकी से जांच कर रही थी, लेकिन आरोपियों ने कानून अपने हाथ में ले लिया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी विजय और मदन ने जांच को गैर-कानूनी तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की और हिंसक मारपीट को अंजाम दिया। पुलिस प्रशासन ने अब तक इस उपद्रव के मामले में चार प्रमुख लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही मौके पर मौजूद अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सोशल मीडिया और सीसीटीवी वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Reported By: Sunita Gupta


