हिमाचल के ऊना में भीषण सड़क हादसा, ऑल्टो और बाइक की सीधी टक्कर में युवक ने गंवाई जान

Himachal Pradesh News: ऊना जिले के अंब उपमंडल में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां कलरूही गांव के पास एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

कलरूही पुल के पास दोनों वाहनों में हुई सीधी टक्कर

स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह दर्दनाक हादसा कलरूही पुल के ऊपर हुआ। मृतक बाइक सवार की पहचान राजपुरा जंसवा निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई है। दिनेश अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मुबारिकपुर से अंब की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी।

इस भीषण टक्कर की वजह से मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और कार का अगला टायर भी पूरी तरह फट गया। हादसे के बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल दिनेश को तुरंत सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने कार चालक के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने चंबा निवासी कार चालक अजय कुमार के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अंब के डीएसपी अनिल पटियाल ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस सड़कों पर तेज रफ्तार को रोकने के लिए लगातार जागरूकता अभियान भी चला रही है। प्रशासन ने लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है।

Author: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories