Himachal News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से रोड रेज की एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां परवाणू बायपास पर एक बेकाबू कार सवार युवक ने हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस के ड्राइवर और कंडक्टर की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव है।
यह पूरी घटना बुधवार को अंबाला-रामपुर रूट पर जा रही सरकारी बस के साथ पेश आई। जैसे ही बस चालक ने सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर को देखकर गाड़ी की गति कम की, वैसे ही पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक पंजाब नंबर की कार सीधे बस से टकरा गई।
अमृतसर के कार सवार ने बीच सड़क किया हंगामा
टक्कर लगने के बाद कार सवार युवक गुस्से से लाल हो गया। आरोपी युवक पंजाब के अमृतसर का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसके साथ गाड़ी में कुछ महिलाएं भी मौजूद थीं। युवक ने गाड़ी से उतरकर तुरंत बस चालक और परिचालक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और हाथापाई शुरू कर दी।
इस पूरी मारपीट का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार सवार युवक किस तरह दादागिरी कर रहा है। इस दौरान बस में सवार यात्रियों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया।
कर्मचारी संगठनों में भारी रोष, पुलिस जांच में जुटी
एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप ठाकुर ने बताया कि विभाग ने परवाणू पुलिस थाना में इस घटना की लिखित शिकायत दर्ज करवा दी है। सरकारी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ सरेआम हुई इस हिंसा के बाद एचआरटीसी कर्मचारी संगठनों ने रोष जताते हुए कड़ी निंदा की है।
कर्मचारी नेताओं का कहना है कि सार्वजनिक सेवा में तैनात स्टाफ के साथ ऐसी मारपीट की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। चालक यात्रियों की सुरक्षा के लिए ही नियमों के तहत वाहन चलाते हैं। फिलहाल स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
Author: Sunita Gupta


