शिमला में खूनी खेल: चलती कार बनी ‘क्राइम सीन’, पैसों के लेनदेन पर दोस्त ने दोस्त पर बरसाई छुरियां

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में पैसों के लेनदेन को लेकर दो दोस्तों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। कुमारसैन थाना क्षेत्र के अंतर्गत सनावगी के पास चलती कार के भीतर ही चाकूबाजी हुई। इस हिंसक झड़प में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के पीछे पुराने बकाया पैसों और एक टिप्पर खरीदने के सौदे को मुख्य कारण बताया जा रहा है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, राहुल नामक युवक संजौली निवासी सौरभ का टिप्पर चलाता था। राहुल उस टिप्पर को खरीदने की योजना बना रहा था। साथ ही सौरभ पर राहुल के करीब 60 हजार रुपये भी बकाया थे। 11 मई को सौरभ अपनी स्विफ्ट कार में राहुल और विक्की नाम के एक अन्य युवक को लेकर शिमला की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुन्नी मार्ग पर पैसों को लेकर उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

चलती कार में छुरियों से हुआ जानलेवा हमला

बहस इतनी बढ़ गई कि सनावगी के पास सौरभ ने कार से अचानक सब्जी काटने वाली छुरी निकाल ली। पिछली सीट पर बैठे विक्की ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। छीनाझपटी के दौरान छुरी सौरभ के गले पर लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद गुस्से में आकर सौरभ ने राहुल पर हमला कर दिया। इस हमले में राहुल के कान, गाल और बाजू पर गहरी चोटें आई हैं। हमला होते ही तीसरा युवक विक्की डरकर कार से उतरकर भाग गया।

सड़क से गुजर रहे एक तेल टैंकर चालक ने हिम्मत दिखाकर दोनों घायलों को अलग किया। उसने लहूलुहान हालत में दोनों को पास के सनावगी ढाबे तक पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। राहुल का इलाज खनेरी अस्पताल में चल रहा है, जबकि सौरभ को कुमारसैन अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने राहुल की चोटों को धारदार हथियार से लगा जख्म बताया है। पुलिस अब मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories