Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। संजौली की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में स्थित एक निजी स्कूल परिसर में घुसकर महिला संचालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम शाम करीब साढ़े सात बजे स्कूल के मुख्य गेट के पास दिया।
मृतक महिला की पहचान मनीषा मित्तल के रूप में हुई है, जो सरस्वती पैराडाइज स्कूल का संचालन करती थीं। वह दुकान से मैगी और कुछ जरूरी सामान लेकर स्कूल वापस लौट रही थीं। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
प्रॉपर्टी विवाद के कारण सगे भाई पर हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे पारिवारिक प्रॉपर्टी का बड़ा विवाद हो सकता है। मृतका मनीषा मित्तल का अपने सगे भाई हिमांक मित्तल के साथ स्कूल की मिल्कियत को लेकर लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। मनीषा इस नामचीन स्कूल के मूल मालिक की बेटी थीं और अपना हिस्सा मांग रही थीं।
मनीषा मित्तल ने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया था। इस वीडियो में उन्होंने अपने भाई हिमांक पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि हिमांक फर्जी कागजात के सहारे स्कूल पर कब्जा करना चाहता है। उसने स्कूल के नाम पर करोड़ों रुपये का लोन भी लिया है।
पंजाब नंबर की गाड़ी से आए थे हथियारबंद हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक, हत्यारे पंजाब नंबर की एक संदेहास्पद गाड़ी में सवार होकर आए थे। उन्होंने मनीषा को निशाना बनाते हुए करीब तीन गोलियां मारीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई और जांच शुरू की।
शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने एक प्रेस रिलीज जारी कर मामले की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया है। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मर्डर केस दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस की टीमें
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की ये टीमें पूरे शिमला शहर और सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं। इसके साथ ही स्कूल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।
मृतका मनीषा ने प्रशासन से गुहार लगाई थी कि विवाद सुलझने तक स्कूल में सरकारी एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त किया जाए। बहरहाल, भाई पर लगे आरोपों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
Reported By: Sunita Gupta

