Himachal: चार साल से लापता है ऑन ड्यूटी पुलिस जवान, खुद का विभाग नहीं दर्ज कर रहा FIR, अब हाई कोर्ट जाएगा परिवार

Himachal Pradesh News: मंडी जिले के सुंदरनगर से पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा करने वाला एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ ऑन ड्यूटी लापता हुए पुलिस कांस्टेबल अजय कुमार को खुद उसका अपना ही विभाग पिछले चार साल से ढूंढने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है।

इस गंभीर मामले ने पुलिसिया कार्यप्रणाली और आम जनता को मिलने वाले न्याय पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। लापता जवान के बुजुर्ग माता-पिता अपने इकलौते बेटे की राह तकते-तकते बुरी तरह टूट चुके हैं। वे अब इंसाफ के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं।

लापता कांस्टेबल अजय कुमार बल्दवाड़ा के अंतर्गत आने वाले हटली पुलिस थाना में अपनी नियमित सेवाएं दे रहा था। वह करीब चार वर्ष पहले अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गया था। उस समय मंडी की तत्कालीन पुलिस कप्तान ने परिजनों को त्वरित तलाश का भरोसा दिया था।

लापता जवान के खुद के विभाग ने एफआईआर दर्ज करने से किया मना

अजय के पिता चूड़ा राम और माता मथरा देवी ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख के दफ्तर के चक्कर काटते-काटते उनके जूते तक घिस चुके हैं। हद तो तब हो गई जब ड्यूटी से गायब जवान के खुद के विभाग ने मामले की एफआईआर तक दर्ज करने से साफ मना कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ढूंढने के बजाय हर महीने औपचारिकता पूरी करने उनके घर पूछताछ करने आ जाती है। अजय आखिरी बार कोटली क्षेत्र के एक स्थानीय युवक दुष्यंत शर्मा के साथ देखा गया था। तब से उसका मोबाइल फोन और सुराग पूरी तरह से गायब है।

लापता जवान के ताया ने तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस विभाग मंदिर के बाहर से चप्पल चुराने वाले चोर को तुरंत पकड़ लेता है। लेकिन अपने ही छह फीट लंबे जवान को खोजने में तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स का इस्तेमाल क्यों नहीं कर रहा है।

स्पोर्ट्समैन भाई के इंसाफ के लिए हाई कोर्ट में केस करने की तैयारी पूर्ण

भाई गुलजारी राणा ने भावुक होते हुए कहा कि अजय एक बेहतरीन स्पोर्ट्समैन और बहुत मिलनसार स्वभाव का धनी व्यक्ति था। जब पुलिस विभाग भर्ती के समय एक इंच ऊंचाई कम होने पर युवाओं को बाहर कर देता है, तो गायब जवान के लिए उसकी जिम्मेदारी कहां चली गई।

अजय कुमार अभी अविवाहित था और घटना के समय घर पर उसकी शादी की तैयारियां बहुत जोरों से चल रही थीं। पुलिस की इस घोर लापरवाही और नाकामी को देखते हुए दुखी परिवार ने अब न्याय की आखिरी उम्मीद के लिए देश की माननीय हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

परिजनों ने हटली थाना के भारसाधक अधिकारी यानी थाना प्रभारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कोर्ट में केस दायर करने के लिए सभी जरूरी दस्तावेज जुटाए जा चुके हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई उच्च न्यायालय में होगी।

Reported By: Raj Thakur

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories