Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़के पर अपनी ही सगी बड़ी बहन के साथ दुष्कर्म करने का संगीन आरोप लगा है। इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ, जब तबीयत बिगड़ने पर पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल की जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस में दर्ज आधिकारिक शिकायत के अनुसार, पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी को पिछले कुछ महीनों से मासिक धर्म नहीं आ रहा था। अचानक तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण घबराए परिजन उसे तुरंत चेकअप के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले गए। वहां डॉक्टरों ने जब लड़की की गहन जांच की, तो उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
अस्पताल में हुए इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद जब परिजनों ने पीड़िता से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि पिछले करीब 3-4 महीनों से उसका सगा छोटा भाई ही घर में उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ गलत काम कर रहा था। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
लोक-लाज और खौफ के कारण चुप थी पीड़िता
आरोपी भाई के डर और लोक-लाज के कारण पीड़िता अब तक गहरे खौफ में जी रही थी, जिससे उसने किसी को कुछ नहीं बताया। इस संवेदनशील मामले की सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना मंडी ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मां की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मंडी के एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने तत्परता से एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। चूंकि आरोपी भी नाबालिग है, इसलिए किशोर न्याय कानून (जुवेनाइल जस्टिस एक्ट) के दायरे में रहकर कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही, सदमे में आई पीड़िता की विशेष काउंसलिंग भी कराई जा रही है।
Author: Raj Thakur


