Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय (एलयू) में एक असिस्टेंट प्रोफेसर और छात्रा के बीच बातचीत का शर्मनाक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल रिकॉर्डिंग में जंतु विज्ञान (प्राणिशास्त्र) विभाग का शिक्षक स्नातक तीसरे वर्ष की छात्रा को परीक्षा के दो प्रश्नपत्र लीक करने का लालच दे रहा है। वह छात्रा को अनुचित लाभ और प्रलोभन देकर अपने पास बुलाने की कोशिश कर रहा है। मामला सामने आते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सनसनीखेज घटना के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों ने देर शाम जमकर हंगामा किया। उग्र छात्रों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग उठाई है। कुलपति प्रोफेसर जे.पी. सैनी ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने परिसर में शैक्षणिक माहौल और शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही परीक्षा की गोपनीयता भंग करने के आरोप में पुलिस केस भी दर्ज करा दिया गया है।
अशोभनीय बातचीत के तीन ऑडियो क्लिप बरामद
विश्वविद्यालय प्रशासन को इस पूरे प्रकरण से जुड़े कुल तीन अलग-अलग ऑडियो क्लिप प्राप्त हुए हैं। यह बातचीत 14 और 15 मई की रात की बताई जा रही है। ऑडियो में प्राणिशास्त्र विभाग के आरोपी शिक्षक डॉ. परमजीत सिंह छात्रा को हर संभव मदद का भरोसा दे रहे हैं। वह बार-बार छात्रा से मिलने आने का समय पूछ रहे हैं। वहीं पीड़ित छात्रा फोन पर कह रही है कि इस व्यक्ति ने उसे तीसरी बार फोन कर परेशान किया है।
छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए इस पूरी प्रताड़ना की लिखित शिकायत अपने विभागाध्यक्ष से की। इसके बाद एलयू प्रशासन तुरंत हरकत में आया। परीक्षा नियंत्रक ने बिना समय गंवाए हसनगंज कोतवाली में आरोपी शिक्षक के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस को सौंपी गई तहरीर में कहा गया है कि शिक्षक का यह आचरण परीक्षा की गोपनीयता को भंग करता है। साथ ही यह कृत्य छात्रा की गरिमा को गंभीर ठेस पहुंचाता है और आपराधिक श्रेणी में आता है।
इंटरनल कंप्लेंट कमेटी को 24 घंटे का अल्टीमेटम
लखनऊ विश्वविद्यालय ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपना रुख साफ किया है। एलयू प्रशासन ऐसे गंभीर मामलों में ‘शून्य सहिष्णुता’ (Zero Tolerance) की नीति पर काम करता है। कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने आंतरिक शिकायत समिति (ICC) को जांच सौंप दी है। समिति को 24 घंटे के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने का अल्टीमेटम मिला है। विवि का कहना है कि पारदर्शी जांच के बाद दोषी शिक्षक पर ऐसी सख्त कार्रवाई होगी जो नजीर बनेगी।
हसनगंज पुलिस ने परीक्षा नियंत्रक की तहरीर और ऑडियो की पेन ड्राइव लेकर मामले की तफ्तीश तेज कर दी है। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रोफेसर मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। चूंकि यह मामला एक छात्रा की अस्मत और निजता से जुड़ा है, इसलिए विवेचना के दौरान उसकी गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इस घटना ने विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

