Himachal News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के पांवटा साहिब स्थित कोलर के जंगलों में एक युवती की 95 फीसदी जली हुई लाश मिलने से हड़कंप मच गया। जांच में पता चला कि मृतका अंबाला की 31 वर्षीय मैथ्स टीचर अमनदीप कौर थी। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड के आरोप में उसके प्रेमी संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बड़ी ही बेरहमी से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था।
अमनदीप कौर 12 मई को अपनी बीमार मां के कैंसर टेस्ट की रिपोर्ट लेने घर से निकली थी। वह घर का गुजारा ट्यूशन पढ़ाकर चलाती थी और अपनी मां का एकमात्र सहारा थी। हालांकि, उसे यह अंदाजा नहीं था कि वह अपने प्रेमी संदीप से मिलने जा रही है जो उसकी मौत का जाल बिछा चुका था। संदीप बराड़ा में इनवर्टर बैटरी का काम करता था और उसने वहीं एक कमरा किराए पर लिया था।
कोल्ड ड्रिंक में जहर और खौफनाक साजिश
आरोपी संदीप ने अमनदीप को अपने किराए के कमरे पर बुलाया और उसे कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया। जहर के असर से अमनदीप की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने लाश को ठिकाने लगाने के लिए उसे एक बड़े बैग में पैक किया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी एक रेहड़ी चालक की मदद से उस बैग को ले जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस ने इन फुटेज को अहम सबूत के तौर पर कब्जे में ले लिया है।
हत्या के बाद संदीप शव को लेकर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के जंगलों में पहुंचा। वहां उसने साक्ष्यों को मिटाने के लिए लाश को आग के हवाले कर दिया। उसे लगा कि घने जंगल में किसी को पता नहीं चलेगा, लेकिन ग्रामीणों ने धुंआ और आग देख ली। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, शरीर लगभग पूरी तरह जल चुका था। केवल चेहरे के कुछ हिस्सों से यह पहचान हो सकी कि लाश एक महिला की है।
पूछताछ में सामने आया कि अमनदीप और संदीप पिछले पांच वर्षों से संपर्क में थे। अमनदीप उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे पीछा छुड़ाने के लिए उसने यह साजिश रची। बराड़ा के डीएसपी सुरेश कौशिक ने बताया कि आरोपी ने पहले साथ मरने का नाटक किया लेकिन खुद जहर नहीं पिया। पुलिस ने आरोपी को बाता पुल के पास से गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर मामले की तह तक जाने में जुटी है।

