हिमाचल की हसीन वादियों में पसरा मातम, गहरी खाई में कार गिरने से मां और मासूम बेटे की दर्दनाक मौत

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां ग्राम्फू के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे का शिकार हुआ यह बदकिस्मत परिवार हरियाणा के गुरुग्राम का रहने वाला था। सियाराम एन्क्लेव के निवासी दीपक कुमार सिंह अपनी गाड़ी से परिवार के साथ पहाड़ों पर घूमने आए थे। ग्राम्फू के पास उन्होंने अपनी कार को सड़क के किनारे एक सुरक्षित जगह पर पार्क किया हुआ था।

खड़ी गाड़ी अचानक पीछे लुढ़की और खाई में जा गिरी

जिस वक्त यह भयानक वाकया हुआ, उस समय कार के अंदर तीन लोग आराम से बैठे हुए थे। अचानक खड़ी गाड़ी पीछे की तरफ ढलान पर लुढ़कने लगी। रफ्तार पकड़ते ही कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दीपक सिंह की पत्नी तनु कुमारी और 11 महीने के बेटे की जान चली गई।

घायल बुजुर्ग महिला का अस्पताल में चल रहा है इलाज

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सिविल अस्पताल मनाली पहुंचाया गया। वहां मौजूद मेडिकल ऑफिसर ने जांच के बाद मां और बेटे को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में कार के अंदर सवार 52 वर्षीय बुजुर्ग महिला सविता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

लाहौल स्पीति पुलिस हादसे के असली कारणों की जांच करेगी

लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने इस दुखद सड़क हादसे की आधिकारिक पुष्टि की है। सूचना मिलते ही पुलिस की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

Reported By: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories