Chandigarh News: चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में स्थित कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास की हत्या के मामले में बड़ा मोड़ आया है। जम्मू-कश्मीर से पकड़कर लाए जा रहे दो मुख्य आरोपियों ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की। इसके बाद धनास इलाके के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में दोनों शूटरों के पैर में गोली लगी है।
पुलिस कस्टडी से शूटरों ने ऐसे किया भागने का प्रयास
चंडीगढ़ पुलिस की टीम दोनों आरोपियों को जम्मू के राजौरी से सरकारी गाड़ी में लेकर आ रही थी। धनास के पास अचानक ड्राइवर पुलिसकर्मी को नींद की झपकी आ गई, जिससे पुलिस वैन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। गाड़ी एक्सीडेंट होते ही दोनों शूटरों ने कांस्टेबल से पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया।
मुठभेड़ में घायल आरोपियों को पीजीआई में कराया भर्ती
आरोपियों ने भागते समय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें इंस्पेक्टर बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली दोनों शूटरों सनी और आर्यन के पैरों में लगी। पुलिस ने दोनों को दोबारा दबोच लिया और तुरंत इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
फरार तीसरे शूटर की तलाश में जुटी पुलिस टीम
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि फरार चल रहे तीसरे आरोपी ने ही कैशियर जानकी दास पर गोलियां चलाई थीं। इस मुख्य शूटर का ट्राईसिटी में बहुत मजबूत नेटवर्क है और उसने वारदात से पहले पूरी रेकी की थी। चंडीगढ़ पुलिस के आला अधिकारी जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा करेंगे।
Reported By: Jatin Sharma


