हिमाचल के मंडी में बड़ा खुलासा, एक ही परिवार के चार लोग कार में चिट्टा सप्लाई करते गिरफ्तार

Himachal Pradesh News: मंडी जिले के सुंदरनगर में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान रविवार को बड़ी सफलता हासिल की है। कांगू क्षेत्र में नियमित नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर गाड़ी से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

सुंदरनगर पुलिस की नाकाबंदी में ड्रग्स गैंग का भंडाफोड़

पुलिस ने कार सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों को ड्रग्स तस्करी के आरोप में रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में मां, बेटा, पुत्र वधू और बेटी शामिल हैं। पुलिस टीम ने इनके संयुक्त कब्जे से 6.650 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

थाना सुंदरनगर की पुलिस टीम कांगू इलाके में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सुरक्षा बलों ने संदेह के आधार पर एक गाड़ी को रोका। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने समाज के सामने नशे के कारोबार का एक बेहद डरावना और चिंताजनक चेहरा उजागर कर दिया है।

पंजाब और हिमाचल के रहने वाले हैं सभी आरोपी स्मगलर्स

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सरला, उसके बेटे गौरव और बहू ज्योति के रूप में हुई है। यह तीनों सुंदरनगर के सलापड़ कालोनी के रहने वाले हैं। इनके साथ मौजूद चौथी महिला आरोपी रिशु सरला की बेटी है, जो पंजाब के खरड़ की निवासी बताई जा रही है।

सुंदरनगर के डीएसपी भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस टीम अब इस बात का पता लगा रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं।

Reported By: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories