Chamba Road Accident: चंबा-पठानकोट हाईवे पर आधी रात को बड़ा हादसा, 800 फीट गहरी खाई में गिरी कार, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार आधी रात को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में दो स्थानीय युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस कंट्रोल रूम से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा गोली के समीप छतरी मोड़ के पास रात करीब दो बजे हुआ। कार सड़क से नीचे करीब 800 फीट गहरी खाई में लुढ़कते हुए दूसरी लिंक रोड पर पहुंच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

मृतकों की पहचान सरू गांव के निवासियों के रूप में हुई

सड़क हादसे का शिकार हुए दोनों युवक चंबा शहर के पास स्थित सरू गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान 29 वर्षीय लखन पुत्र मनोहर लाल और 31 वर्षीय अंकुश पुत्र ज्ञानचंद के रूप में हुई है। इस अचानक आई त्रासदी से पूरे सरू क्षेत्र में मातम पसर गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही डलहौजी के डीएसपी मयंक चौधरी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही दमकल विभाग के रेस्क्यू दल ने भी मौके पर मोर्चा संभाला। बचाव कर्मियों ने कड़े संघर्ष के बाद खाई से दोनों शवों को बाहर निकाला।

पुलिस अधीक्षक ने दी पोस्टमार्टम और जांच की जानकारी

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने हादसे की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

स्थानीय प्रशासन और हाईवे अथॉरिटी दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसा चालक को नींद आने के कारण हुआ या गाड़ी की ओवरस्पीडिंग की वजह से यह जानलेवा वाकया पेश आया है।

Reported By: Raj Thakur

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories