Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी में पुलिस ने नशे के सौदागरों पर बड़ी स्ट्राइक की है। जरी पुलिस चौकी की टीम ने नाकेबंदी के दौरान एक स्कूटी पर सवार दो शातिर युवकों को भारी मात्रा में चरस और नकदी के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
डुंखरा चौक पर रूटीन चैकिंग के दौरान धरे गए आरोपी
जरी पुलिस की एक विशेष टीम डुंखरा चौक पर रूटीन चैकिंग और कड़ी नाकेबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान मणिकर्ण की तरफ से आ रही एक संदिग्ध स्कूटी को जांच के लिए रोका गया। पुलिस ने जब स्कूटी सवार दोनों युवकों की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए।
पुलिस टीम ने उनके पास से 202 ग्राम शुद्ध चरस बरामद की। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करों के पास से 41,000 रुपए की भारतीय करेंसी भी जब्त की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जब्त की गई यह भारी-भरकम राशि पूरी तरह से ड्रग मनी है।
मुंबई के रहने वाले हैं पकड़े गए दोनों शातिर तस्कर
पुलिस ने नशीले पदार्थों और नकदी को तुरंत सीज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान किशन राज चौहान (उम्र 28 वर्ष) और विक्की चौहान (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है। यह दोनों आरोपी मुंबई के रहने वाले हैं।
इस बड़े मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।
ड्रग मनी के मुख्य स्रोत और बैकवर्ड लिंकेज की जांच तेज
पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि मुंबई के यह युवक घाटी में चरस किससे खरीद कर लाए थे। पुलिस इनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि यह पता चले कि इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
एसपी मदन लाल ने नशा तस्करों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि जिला में किसी भी ड्रग सप्लायर को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में मणिकर्ण सहित पूरे कुल्लू जिले में औचक नाकेबंदी और तलाशी अभियान को और ज्यादा तेज किया जाएगा।
Reported By: Raj Thakur


