Sports News: न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने साल 2026-27 के लिए अपने खिलाड़ियों के सालाना सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा कर दी है। इस बार 20 खिलाड़ियों वाली नई लिस्ट में कई बड़े और चौंकाने वाले फेरबदल किए गए हैं। सबसे खास बात यह है कि दो साल के लंबे इंतजार के बाद स्टार ओपनर डेवन कॉनवे की मुख्य टीम में वापसी हुई है।
अनुभवी डेवन कॉनवे और ब्लेयर टिकनर की हुई मुख्य टीम में वापसी
बोर्ड की इस नई सूची में दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन का नाम शामिल नहीं है। विलियमसन ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास ले लिया था। नए कॉन्ट्रैक्ट में डेवन कॉनवे और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर ने आदि अशोक और मुहम्मद अब्बास को रिप्लेस किया है। कॉनवे पहले दो साल से कैजुअल कॉन्ट्रैक्ट पर खेल रहे थे।
अब उन्होंने खुद को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी मैचों के लिए पूरी तरह उपलब्ध रखा है। न्यूजीलैंड की यह नई अनुबंध सूची 1 अगस्त 2026 से 31 जुलाई 2027 तक प्रभावी रहेगी। तेज गेंदबाज टिकनर ने पिछले कुछ महीनों में तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन करके इस सूची में अपनी जगह दोबारा हासिल की है।
गेंदबाज टिकनर का कमाल और युवा खिलाड़ियों को मिला इनाम
ब्लेयर टिकनर ने अपने पिछले 8 मैचों की 5 पारियों में 4 या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। उन्होंने पिछले महीने आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में पहली बार 5 विकेट लेने का बड़ा कारनामा किया था। इसके अलावा न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की इस नई लिस्ट में मिचेल हे और जैक फॉल्क्स ने भी अपनी जगह सुरक्षित रखी है।
ये दोनों युवा खिलाड़ी पिछले साल ही पहली बार सेंट्रल अनुबंध का हिस्सा बने थे। बोर्ड ने लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर अपना भरोसा जताया है। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच एक बेहतरीन संतुलन बनाने का प्रयास किया है ताकि आगामी आईसीसी टूर्नामेंट्स के लिए मजबूत टीम तैयार की जा सके।
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के ये 20 खिलाड़ी सेंट्रल अनुबंध में शामिल
बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक सूची में टॉम ब्लंडेल, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवन कॉनवे, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स और मिच हे शामिल हैं। इनके अलावा मैट हेनरी, ब्लेयर टिकनर, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डैरिल मिचेल, हेनरी निकल्स, विल ओ रॉर्की, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिचेल सैंटनर, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ और विल यंग को भी जगह मिली है।
Author: Prem Sharma

