Madhya Pradesh News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित उदयपुरा में आर्ट ऑफ लिविंग के इंटरनेशनल सेंटर पहुंचकर गुरुदेव को बधाई दी। सीएम ने मध्यप्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से मंगलकामनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वैश्विक सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारत की प्राचीन संस्कृति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत ने कभी भी दुनिया को हथियारों के बल पर जीतने की कोशिश नहीं की। हमने हमेशा विश्वशक्ति की जगह विश्वगुरु बनने का गौरवशाली मार्ग चुना है।
तनाव मुक्त जीवन के लिए आर्ट ऑफ लिविंग जरूरी
डॉ. यादव ने कहा कि मन की शांति ही शरीर को स्वस्थ और संतुलित बनाए रखती है। श्री श्री रविशंकर जी ने दुनिया के करोड़ों लोगों को तनाव से मुक्ति दिलाई है। उन्होंने मानवता को सुखी जीवन का मार्ग दिखाकर वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना को पूरे विश्व में फैलाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग निष्काम कर्मयोग और जीवन को उत्सव की तरह जीने का सहज मार्ग है। यह संगठन योग, ध्यान और प्राणायाम के जरिए लोगों को आत्मिक शांति दे रहा है। बेंगलुरु का यह केंद्र लोगों को सांस्कृतिक चेतना और नई ऊर्जा प्रदान करता है।
अयोध्या में राम मंदिर और सोमनाथ उत्सव का जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि गुरुदेव के आशीर्वाद से गुजरात के सोमनाथ में भी विशेष उत्सव मनाया जा रहा है। गुरु ही हमें हमेशा अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं।
इस भव्य कार्यक्रम में कई राज्यों के राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री और जानी-मानी हस्तियां उपस्थित रहीं। तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और जी. किशन रेड्डी ने भी हिस्सा लिया। इसके साथ ही फिल्म अभिनेता जैकी श्रॉफ भी इस वैश्विक समागम के साक्षी बने।
Author: Vijay Chouhan


