Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहाँ गड़सा वैली के सचाणी गाँव में एक विवाहिता ने ससुराल वालों की मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर जहर खा लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका की माता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सचाणी गाँव की रहने वाली 40 वर्षीय दिल्ली देवी ने अज्ञात कारणों से घास में छिड़कने वाली जहरीली दवाई निगल ली थी। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तत्काल सीएच तेगुबेहड अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया।
गंभीर हालत के कारण कुल्लू से एम्स बिलासपुर रेफर
कुल्लू अस्पताल में महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए 28 जून को उन्हें लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक मंडी भेजा। वहाँ से भी डॉक्टरों ने मरीज को एम्स बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया। दुर्भाग्य से बिलासपुर एम्स में इलाज के दौरान दिल्ली देवी की मौत हो गई।
मृतका की माता रामी देवी ने पुलिस को दिए बयान में ससुराल पक्ष पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। रामी देवी ने बताया कि 27 जून को उनके दामाद संगत राम ने फोन पर बेटी के जहर खाने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही वे तुरंत कुल्लू अस्पताल पहुँचीं, जहाँ उनकी बेटी एडमिट थी।
होश में आते ही बेटी ने खोला प्रताड़ना का राज
अस्पताल में 28 जून को दिल्ली देवी को कुछ देर के लिए होश आया था। उन्होंने अपनी माँ को बताया कि उनकी सास उर्मिला देवी और देवर सुंदर सिंह उन्हें बिना किसी वजह के मानसिक रूप से परेशान करते हैं। जमीनी विवाद और सास-देवर के लगातार टॉर्चर से तंग आकर ही उन्होंने यह कदम उठाया।
पीड़ित माँ का आरोप है कि शादी के मात्र दो महीने बाद से ही उनकी बेटी का घरेलू उत्पीड़न शुरू हो गया था। बेटी के अंतिम बयान के आधार पर माँ ने सास और देवर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। कुल्लू के एसपी ने पुष्टि की है कि केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

