Gurugram News: भारत की सबसे बड़ी बजट विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने बुधवार को हवाई यात्रियों के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने अपने इकोनॉमी क्लास के ग्राहकों के लिए ‘इंडिगो लाइट फेयर’ नाम से एक नया और बेहद किफायती किराये का विकल्प पेश किया है।
केवल केबिन बैगेज लाने वाले यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
एयरलाइंस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह विशेष एंट्री-लेवल किराया उन यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो सिर्फ हैंड या केबिन बैगेज के साथ सफर करते हैं। इस स्कीम के तहत यात्री सिर्फ उन्हीं चुनिंदा सेवाओं के लिए पैसे चुकाएंगे, जिनका वे असल में उपयोग करते हैं।
इस नई व्यवस्था से हवाई यात्रियों को अपने यात्रा बजट और खर्चों पर पहले से कहीं ज्यादा नियंत्रण और बेहतर विकल्प मिलेगा। जो लोग बिजनेस ट्रिप या छोटी पारिवारिक यात्राओं पर कम सामान के साथ निकलते हैं, उनके लिए अब विमान का टिकट खरीदना काफी सस्ता और सुगम हो जाएगा।
जुलाई से लागू होगा नियम और इन चैनलों पर मिलेगी बुकिंग
इंडिगो लाइट फेयर की एडवांस बुकिंग आज से ही केवल एयरलाइंस के आधिकारिक डिजिटल चैनलों जैसे वेबसाइट, मोबाइल ऐप और कॉन्टैक्ट सेंटर के जरिए शुरू कर दी गई है। यह नया कम किराया पंद्रह जुलाई 2026 को या उसके बाद होने वाली सभी हवाई यात्राओं पर लागू माना जाएगा।
कंपनी के मुताबिक यह किफायती विकल्प घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों प्रकार की नॉन-स्टॉप (सीधी) उड़ानों पर पूरी तरह प्रभावी होगा। ग्राहक इसका लाभ एकतरफा (वन-वे), राउंड ट्रिप और मल्टी-सिटी यात्रा के लिए ले सकते हैं। यह नियम वयस्क यात्रियों के साथ-साथ बच्चों के टिकटों पर भी समान रूप से लागू रहेगा।
सात किलो सामान की छूट और ऑटो-असाइन सीट की सुविधा
इस नए विकल्प को चुनने वाले ग्राहकों को सबसे कम बेस फेयर के साथ-साथ बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के ऑटो-असाइन सीट दी जाएगी। इसके अलावा पैसेंजर्स को अपने साथ अधिकतम सात किलोग्राम तक का केबिन बैगेज (हैंड बैग) मुफ्त में ले जाने की पूरी अनुमति रहेगी।
अगर कोई यात्री बाद में चेक-इन बैगेज, अपनी मनपसंद सीट, ऑन-बोर्ड खाना या फास्ट फॉरवर्ड जैसी वीआईपी सेवाएं लेना चाहता है, तो उसे अलग से तय फीस देनी होगी। इन अतिरिक्त सेवाओं को फ्लाइट रवाना होने से ठीक एक घंटे पहले तक वेबसाइट या सीधे एयरपोर्ट काउंटर से खरीदा जा सकता है।
लॉयल्टी प्रोग्राम के लाभ रहेंगे बरकरार और एयर इंडिया भी रेस में
इंडिगो के मुख्य रणनीतिक अधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि कंपनी बदलती बाजार परिस्थितियों और ग्राहकों की मांग के अनुसार अपनी सेवाएं अपग्रेड कर रही है। खास बात यह है कि लाइट फेयर चुनने वाले पैसेंजर्स को पहले की तरह ही ‘इंडिगो ब्लूचिप लॉयल्टी प्रोग्राम’ के सभी रेगुलर फायदे मिलते रहेंगे।
ग्लोबल संकट के कारण हाल के महीनों में विमान ईंधन की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिससे एयरलाइंस कंपनियों की वित्तीय लागत काफी बढ़ गई है। इसी को देखते हुए हाल ही में प्रतिद्वंदी कंपनी एयर इंडिया ने भी छोटी दूरी की फ्लाइट्स में खाना छोड़ने पर ‘बेसिक फेयर’ की सस्ती छूट दी थी।

