Delhi News: प्रधानमंत्री की ईंधन बचत की अपील को साकार करते हुए दिल्ली सरकार ने ‘मेरा देश, मेरा योगदान’ अभियान के तहत एक बड़ा कदम उठाया है। इस नई पहल के अंतर्गत, दिल्ली सरकार के विभागों में आज ‘वर्क फ्रॉम होम’ (WFH) लागू किया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित सरकार के अधिकांश मंत्री आज अपने आवास से ही सरकारी कामकाज का निपटारा करेंगे।
सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, जिन मंत्रियों के लिए सचिवालय में उपस्थित होना या पूर्व-निर्धारित सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेना अनिवार्य है, केवल वही सचिवालय आएंगे। बाकी सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यमों से कामकाज संभालेंगे। सरकार की सभी महत्वपूर्ण बैठकें भी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही आयोजित की जा रही हैं ताकि ईंधन की खपत को कम किया जा सके।
हफ्ते में दो दिन घर से काम
इस अभियान की व्यापकता को देखते हुए सरकार ने हफ्ते में दो दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ की व्यवस्था सुनिश्चित की है। इस क्रम में, कई विभागों ने शनिवार को दूसरा वर्क फ्रॉम होम दिवस तय किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों को अपनी कार्यप्रणाली और सहूलियत के आधार पर दो दिन की रणनीति बनाने की सलाह दी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और सरकारी संसाधनों का कुशल उपयोग है। उन्होंने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों से अपील की है कि वे जहाँ तक संभव हो, घर से ही काम करने को प्राथमिकता दें ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो सके और ईंधन की भारी बचत की जा सके।
आवश्यक सेवाओं को मिलेगी छूट
सरकार ने इस एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया है कि यह नियम सभी विभागों पर समान रूप से लागू नहीं होगा। जनहित और सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक सेवाओं को इस नियम के दायरे से बाहर रखा गया है। इनमें दमकल सेवा, अस्पताल, बिजली विभाग, जल आपूर्ति और सार्वजनिक परिवहन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल हैं, जो पहले की तरह सामान्य रूप से कार्य करती रहेंगी।
अधिकारियों का मानना है कि इस डिजिटल कार्यप्रणाली से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और गति भी आएगी। यह मॉडल आने वाले समय में अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण बन सकता है। दिल्ली सरकार इस अभियान के माध्यम से न केवल नागरिकों को जागरूक कर रही है, बल्कि खुद भी इसे सख्ती से लागू कर एक मिसाल पेश कर रही है।
Author: Gaurav Malhotra


