Patna News: नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) के वर्ष 2026 के प्लेसमेंट सीजन में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रतिष्ठित कंपनियों ने बड़ी संख्या में छात्रों को नियुक्त किया है। इस वर्ष की प्लेसमेंट प्रक्रिया कई चरणों में चली, जिसमें बेंगलुरु और दिल्ली के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी छात्रों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए गए।
इस शानदार प्लेसमेंट सीजन में कुल 63 छात्रों का चयन हुआ है। इनमें से 23 छात्रों ने प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) हासिल किए। वहीं, 34 छात्रों का चयन ऑन-कैंपस और 6 छात्रों को ऑफ-कैंपस इंटरव्यू के जरिए नौकरियां मिलीं। इस बार औसत वार्षिक पैकेज 6 लाख रुपये रहा है, जो छात्रों के कौशल और मेहनत को दर्शाता है।
संस्कृति साई ने मारी बाजी
इस साल का सबसे बड़ा पैकेज 18 लाख रुपये का रहा, जो संस्कृति साई को मिला। उन्हें हैदराबाद की आयरनट्रेक्स साइबरटेक्नोलॉजी में यूआई/यूएक्स डिजाइनर के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, शिवांशु को लुधियाना स्थित ट्राइडेंट में 12 लाख रुपये और गाडविन को गुरुग्राम की टैगलैब्स में 9 लाख रुपये का वार्षिक पैकेज मिला है।
निदेशक कर्नल राहुल शर्मा ने इस सफलता पर खुशी जताई है। उन्होंने बताया कि आज के समय में इंडस्ट्री को डिजाइन, डिजिटल ब्रांडिंग और क्रिएटिव टेक्नोलॉजी से जुड़े पेशेवरों की सख्त जरूरत है। निफ्ट के छात्रों ने अपनी प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और इंडस्ट्री एक्सपोजर के दम पर इन चुनौतियों को बेहतरीन तरीके से पूरा किया है, जिसका फायदा उन्हें मिला है।
छात्रों ने साझा की अपनी खुशी
अपनी उपलब्धि पर बात करते हुए संस्कृति साई ने इसे गर्व का क्षण बताया और अपने संकाय सदस्यों का आभार व्यक्त किया। वहीं, शिवांशु ने कहा कि यह चयन उनकी निरंतर मेहनत और निफ्ट द्वारा दी गई प्रैक्टिकल ट्रेनिंग का परिणाम है। गाडविन ने भी टैगलैब्स में अनुभवी डिजाइनर के रूप में अपनी भूमिका को करियर का बड़ा मोड़ माना है।
इन आंकड़ों से साफ है कि डिजाइन के क्षेत्र में भविष्य उज्ज्वल है। निफ्ट पटना के छात्रों की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। प्लेसमेंट प्रक्रिया में शामिल हुई विभिन्न नामी कंपनियों ने छात्रों के हुनर की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की उम्मीद जताई है।
Author: Rohit Mahato

