Patna Secretariat Special Bus Service: सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, पटना में कल से शुरू हो रही स्पेशल इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा, जानें सभी रूट्स और टाइमिंग

Bihar News: पटना में सचिवालय कर्मचारियों के लिए 18 मई से एक बेहद खास इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा शुरू हो रही है। इस सेवा के जरिए विभिन्न रूटों से नया और पुराना सचिवालय तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। परिवहन विभाग की इस पहल से हजारों कर्मचारियों का सफर आसान और सुरक्षित हो जाएगा।

परिवहन सचिव राजकुमार ने बताया कि इस योजना से सरकारी कर्मचारियों को समयबद्ध आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इस नई व्यवस्था से सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव काफी कम हो जाएगा। इससे ईंधन की बचत होगी और शहर को प्रदूषण से भी बड़ी राहत मिल सकेगी।

निजी वाहनों पर घटेगी निर्भरता, ईंधन की होगी भारी बचत

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम सार्वजनिक परिवहन को लगातार मजबूत बना रहा है। निगम वर्तमान में पटना शहर के विभिन्न व्यस्त मार्गों पर 25 इलेक्ट्रिक बसों का सफल परिचालन कर रहा है। इसी कड़ी में अब सचिवालय के कर्मियों के लिए यह समर्पित बस सेवा शुरू की जा रही है।

पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने कहा कि अधिकांश कर्मचारी अपनी कार या बाइक से दफ्तर आते-जाते हैं। इससे शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा होती है। विशेष बस सेवा शुरू होने के बाद कर्मचारियों को एक सुरक्षित और सस्ता विकल्प मिल जाएगा।

मल्टी मॉडल हब, गांधी मैदान और धनुकी मोड़ से चलेंगी बसें

यह विशेष सेवा पटना जंक्शन स्थित मल्टी मॉडल हब से शुरू होगी। यह बस आर ब्लॉक, इनकम टैक्स, पटना हाईकोर्ट और बिहार म्यूजियम होते हुए सीधे सचिवालय जाएगी। सुबह के समय बसें 8.30 बजे से चलेंगी और शाम को सचिवालय से कर्मचारियों को वापस लेकर लौटेंगी।

दूसरा रूट धनुकी मोड़ से शुरू होकर कुम्हरार, भूतनाथ रोड, एनएमसीएच, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग और करबिगहिया होते हुए विकास भवन पहुंचेगा। इसके अलावा गांधी मैदान से चलने वाली बसें डाकबंगला चौराहा, नियोजन भवन और हाईकोर्ट के रास्ते सचिवालय क्षेत्र तक का सफर तय करेंगी।

महिला कर्मियों के लिए विशेष प्रबंध और कार्यालय समय पर फोकस

यह पूरी सेवा कर्मचारियों के दफ्तर आने और जाने के समय के अनुसार डिजाइन की गई है। सुबह कार्यालय अवधि में सभी रूटों से बसें सीधे सचिवालय पहुंचेंगी। महिला कर्मियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शाम 5 बजे छुट्टी के वक्त विशेष बसें तैनात रहेंगी।

महिलाओं के लिए कुर्जी से एक विशेष पिंक बस सेवा भी संचालित की जाएगी। यह बस पीएंडएम मॉल, पाटलिपुत्र कॉलोनी, एएन कॉलेज और बोरिंग रोड होते हुए हड़ताली मोड़ पहुंचेगी। दानापुर स्टेशन से सगुना मोड़, जगदेव पथ और शेखपुरा मोड़ होते हुए भी इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी।

Hot this week

Related News

Popular Categories