Bihar News: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार ने सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर एक बहुत बड़ा अपडेट जारी किया है। बोर्ड ने विज्ञापन संख्या 03/2025 के तहत बंपर पदों के लिए होने वाली लिखित परीक्षा की तारीखें और एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का पूरा शेड्यूल ऑफिशियल तौर पर घोषित कर दिया है।
इस बड़े अभियान के जरिए मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही के कुल 4,236 रिक्त पदों पर योग्य उम्मीदवारों की सीधी भर्ती की जाएगी। आवेदन करने वाले लाखों उम्मीदवार अब लंबे समय के इंतजार के बाद आधिकारिक वेबसाइट csbc.bihar.gov.in पर जाकर अपनी जरूरी डिटेल्स ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।
इस तारीख को दो अलग शिफ्टों में होगी परीक्षा
पर्षद द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार यह महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षा 14 जून और 17 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। बिहार सरकार इस परीक्षा को राज्य के सभी 38 जिलों में निर्धारित केंद्रों पर पूरी कड़ाई के साथ आयोजित करेगी। यह परीक्षा प्रतिदिन दो अलग-अलग शिफ्टों में संपन्न होगी।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा सिटी स्लिप भी ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव कर दी है। उम्मीदवार 1 जून 2026 से ही अपने रजिस्ट्रेशन नंबर या पंजीकृत मोबाइल नंबर और जन्म तिथि की मदद से लॉगिन कर सकते हैं। लॉगिन करते ही उन्हें अपनी तय परीक्षा तिथि और आवंटित जिले की जानकारी मिल जाएगी।
जानिए कब और कैसे डाउनलोड होगा ई-एडमिट कार्ड
सीएसबीसी के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार एडमिट कार्ड अलग-अलग तारीखों पर जारी होंगे। जो उम्मीदवार 14 जून 2026 को मॉर्निंग शिफ्ट की परीक्षा में शामिल होने वाले हैं, वे अपना ई-एडमिट कार्ड 8 जून 2026 से डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक सुबह से ही एक्टिव हो जाएगा।
इसके अलावा जो अभ्यर्थी 17 जून 2026 की मॉर्निंग शिफ्ट परीक्षा में बैठने वाले हैं, उनके एडमिट कार्ड 11 जून 2026 से पोर्टल पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए इस मुख्य ई-एडमिट कार्ड के साथ एक वैध ओरिजिनल फोटो पहचान पत्र भी साथ ले जाना बेहद जरूरी होगा।
पटना कार्यालय से मिलेगा डुप्लीकेट एडमिट कार्ड
बोर्ड ने उन अभ्यर्थियों को एक विशेष राहत दी है जो किसी तकनीकी कारण से वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पाते हैं। ऐसे पीड़ित उम्मीदवार सीएसबीसी के पटना स्थित मुख्य कार्यालय से तय तारीखों पर स्वयं उपस्थित होकर दूसरा डुप्लीकेट ई-एडमिट कार्ड आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
डुप्लीकेट एडमिट कार्ड पाने के लिए अभ्यर्थी को अपने भरे हुए आवेदन पत्र की फोटोकॉपी और एक वैध फोटो पहचान पत्र काउंटर पर दिखाना होगा। मॉर्निंग शिफ्ट की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसके बाद दूसरी आफ्टरनून शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
परीक्षा केंद्र पर इन नियमों का पालन करना अनिवार्य
सीएसबीसी ने कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए कई कड़े नियम बनाए हैं, जिनका पालन हर परीक्षार्थी को करना होगा। नियमों के मुताबिक मॉर्निंग शिफ्ट के उम्मीदवारों को सुबह 9:00 बजे तक और आफ्टरनून शिफ्ट वालों को दोपहर 2:00 बजे तक हर हाल में एग्जाम सेंटर के अंदर रिपोर्ट करना होगा।
तय समय सीमा बीतने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा खत्म होने और ओएमआर शीट जमा करने के बाद ही कोई बाहर जा सकेगा। ओएमआर शीट भरने के लिए विशेष पेन परीक्षा केंद्र पर ही मिलेगा, इसलिए बाहर से कोई भी पेन लाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक पेन या पेजर जैसे गैजेट्स ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। अगर कोई भी अभ्यर्थी नियमों का उल्लंघन करते हुए या चोरी करते हुए पकड़ा गया, तो पर्षद उसके खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
Author: Amit Yadav


