Jaipur News: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी एनटीए ने नीट यूजी 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस साल मेडिकल प्रवेश परीक्षा में देश भर के 11.21 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने सफलता पाई है। मेरिट सूची में राजस्थान के छात्रों का दबदबा देखने को मिला है, जहां के पांच होनहारों ने टॉप-20 में अपनी जगह बनाई है।
एनटीए की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान के उपलक्ष्य गोयल ने ऑल इंडिया रैंक 3 हासिल की है। वह राज्य के टॉपर बने हैं। इसके अलावा गौरव सिंह ने ऑल इंडिया रैंक 9, अभिलाष ने 11वीं रैंक, कार्तिक चौधरी ने 16वीं रैंक और कृतिक जैन ने 18वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
अलवर के गौरव सिंह बने दूसरे स्टेट टॉपर
राजस्थान के अलवर जिले के गडुवास गांव के रहने वाले गौरव सिंह दूसरे स्टेट टॉपर बने हैं। उन्होंने परीक्षा में 720 में से 705 अंक हासिल किए। गौरव पिछले दो सालों से कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने अपनी इस बड़ी सफलता से पूरे परिवार को गौरवान्वित किया है।
पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द होने पर गौरव ने कहा कि शुरुआत में काफी निराशा हुई थी। लेकिन उन्होंने अपनी पढ़ाई में अनुशासन बनाए रखा। उन्होंने खुद को लगातार याद दिलाया कि इस झटके का असर तैयारी पर नहीं पड़ने देंगे। गौरव के मुताबिक, यह शानदार परिणाम उस पुरानी निराशा की भरपाई जैसा है।
गौरव सिंह अब देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थान एम्स नई दिल्ली से एमबीबीएस करने का सपना देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बहन पहले से ही एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। बहन के मेडिकल सफर और उनकी सफलता से गौरव को आगे बढ़ने की सबसे बड़ी प्रेरणा मिली है।
बिहार के आयुष भलोटिया को मिली चौथी रैंक
इस परीक्षा में बिहार के आयुष भलोटिया ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। आयुष ने 720 में से 710 अंक हासिल करके ऑल इंडिया रैंक 4 प्राप्त की है। उन्होंने भी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए राजस्थान के कोटा शहर को चुना था और वहीं रहकर पढ़ाई की थी।
टॉप-100 रैंकर्स के विश्लेषण से पता चलता है कि देश में राजस्थान का सबसे ज्यादा दबदबा रहा। इस राज्य के करीब 12 छात्रों ने टॉप-100 में जगह बनाई है। इसके बाद महाराष्ट्र का स्थान रहा, जहां के 11 छात्र इस लिस्ट में शामिल होने में सफल रहे हैं।
इसके अलावा पंजाब और दिल्ली से 8-8 छात्र, जबकि तमिलनाडु से 7 छात्र टॉप-100 में आए। गुजरात और कर्नाटक से भी 6-6 छात्रों ने इस सूची में जगह बनाई। हरियाणा और तेलंगाना के भी कई छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे साफ है कि देशभर के छात्रों ने बाजी मारी है।
छोटे राज्यों के छात्रों ने भी दिखाई ताकत
एनटीए ने सभी 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की स्टेट टॉपर लिस्ट जारी की है। इसमें लक्षद्वीप, लद्दाख, अंडमान और निकोबार जैसे छोटे क्षेत्रों के नाम भी शामिल हैं। अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड के छात्रों की इस भागीदारी से साफ है कि परीक्षा का दायरा अब काफी बढ़ चुका है।
इससे पहले एनटीए ने साझा किया था कि आर्यन गुप्ता और पांशुल बंसल ने संयुक्त रूप से टॉप किया है। दोनों ने 720 में से 715 अंक हासिल किए हैं। 21 जून को दोबारा आयोजित हुई परीक्षा के बाद आए इस परिणाम में 11.21 लाख उम्मीदवार पास घोषित किए गए हैं।

