New Delhi News: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) 2026 की शुरुआत आज यानी सोमवार से हो रही है। कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में यह परीक्षा 31 मई तक चलेगी। इस साल इस परीक्षा के लिए कुल 15 लाख 68 हजार 866 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। यह परीक्षा न केवल भारत के विभिन्न केंद्रों पर, बल्कि दुनिया के 13 देशों के 14 प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शहरों में भी आयोजित की जा रही है।
35 पालियों में होगी परीक्षा, 67 लाख से अधिक टेस्ट इंस्टेंस
परीक्षा की व्यापकता और अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए एनटीए ने इसे 21 दिनों की अवधि में कुल 35 पालियों में विभाजित किया है। अभ्यर्थियों को पांच विषय चुनने की सुविधा दी गई थी, जिसके कारण कुल 67.56 लाख से अधिक टेस्ट इंस्टेंस (परीक्षा सत्र) दर्ज किए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार, कुल पंजीकरण का लगभग 43 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली से है। विषयों की बात करें तो 12.64 लाख पंजीकरण के साथ अंग्रेजी सबसे लोकप्रिय विषय रहा है।
शारजाह से वाशिंगटन डीसी तक परीक्षा केंद्र
CUET-UG 2026 वैश्विक स्तर पर आयोजित होने वाली सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक बन गई है। भारत के बाहर जिन अंतरराष्ट्रीय शहरों में इसके केंद्र बनाए गए हैं, उनमें दुबई, शारजाह, अबू धाबी, रियाद, सिंगापुर, वाशिंगटन डीसी, मस्कट, दोहा, कुआलालंपुर, कुवैत और काठमांडू जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय केंद्रों की यह व्यवस्था उन छात्रों के लिए काफी मददगार साबित हो रही है जो विदेश में रहकर भारतीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश पाना चाहते हैं।
एनटीए ने जारी किए संशोधित एडमिट कार्ड
एनटीए ने बताया कि 96.6 प्रतिशत अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चुने गए पसंदीदा शहरों में ही केंद्र आवंटित किए गए हैं। लगभग 79 प्रतिशत छात्रों को उनका पहला विकल्प मिला है। जिन अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्रों में अंतिम समय में कोई तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से बदलाव किया गया था, उनके लिए विभाग ने संशोधित एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर जाने से पहले अपना ताजा एडमिट कार्ड और दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें।
धार्मिक पहचान और ड्रेस कोड पर स्पष्टता
एनटीए ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के साथ-साथ अभ्यर्थियों की धार्मिक भावनाओं का भी सम्मान किया है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को ‘कलावा’ जैसे धार्मिक धागे और अन्य अनिवार्य धार्मिक वस्तुएं पहनने की अनुमति होगी। हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों को सुरक्षा जांच और तलाशी की प्रक्रिया के लिए परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से काफी पहले पहुंचने का निर्देश दिया गया है। पारदर्शी पानी की बोतल और फोटो आईडी कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।

